लेह धूल-मलबे से होगा मुक्त, उपराज्यपाल के आदेश पर सचिवालय व मुख्य बाजार में सफाई कार्य शुरू

लद्दाख के लेह शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने एक व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के निर्देशों के बाद संबंधित एजेंसियां मिशन मोड में शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण में जुट गई हैं।

एलजी विनय कुमार सक्सेना ने एक्स पर दी जानकारी

लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया, “सड़क किनारे जमा धूल और निर्माण व तोड़फोड़ के मलबे को हटाने का काम तेजी से किया जा रहा है। शुरुआती चरण में लोक निवास, सचिवालय, लेह मुख्य बाजार, जेविटसल और आसपास के क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है।”

उपराज्यपाल ने 15 मार्च को लेह बाजार और पुराने शहर का दौरा किया था

उन्होंने कहा कि इन इलाकों में सफाई के साथ-साथ बड़े स्तर पर हरियाली बढ़ाने के लिए पेड़ लगाने की तैयारी भी की जा रही है, जिसके तहत गड्ढे खोदने का काम जारी है। यह अभियान उस निरीक्षण के बाद शुरू किया गया, जब उपराज्यपाल ने 15 मार्च को लेह बाजार और पुराने शहर का दौरा किया था। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, बुनियादी ढांचे की स्थिति और शहरी प्रबंधन से जुड़ी समस्याओं का जायज़ा लिया और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

वह खुद इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं

बता दें कि उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना खुद इस अभियान की निगरानी कर रहे हैं और उन्होंने सरकारी एजेंसियों के प्रयासों की सराहना की है। उनका कहना है कि इस तरह के संगठित प्रयास लेह-लद्दाख को एक साफ, सुव्यवस्थित और पर्यटकों के लिए अधिक आकर्षक स्थान बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।

लद्दाख को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में करने का लक्ष्य

उन्होंने जोर दिया कि केवल सरकारी प्रयास ही नहीं बल्कि स्थानीय लोगों की भागीदारी भी इस मिशन की सफलता के लिए बेहद जरूरी है। सामूहिक सहयोग और निरंतर प्रयासों से लद्दाख को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित किया जा सकता है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य लेह को धूल, मलबे और निर्माण से जुड़े कचरे से मुक्त कर एक बेहतर शहरी वातावरण तैयार करना है।

प्रशासन का मानना है कि यह अभियान न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास को भी बढ़ावा देगा। आने वाले समय में इस पहल के सकारात्मक परिणाम देखने को मिल सकते हैं। (इनपुट-आईएएनएस)