प्रतिक्रिया | Sunday, May 19, 2024

लोकसभा चुनाव 2024 के तीसरे चरण का 7 मई को मतदान होने जा रहा है। इसमें 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 93 सीटों पर मतदान होगा। बताना चाहेंगे इस चरण में विभिन्न दलों के प्रमुख उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में होंगे। ऐसे में इन दिग्गज नेताओं के भाग्य का होगा फैसला तीसरे चरण के मतदान के माध्यम से होगा जिसके नतीजों की घोषणा 4 जून को होगी।

इन सीटों पर होगा मतदान 

इस चरण में गोवा की 2 सीटें, गुजरात की सूरत लोकसभा सीट को छोड़कर बाकी सभी 25 सीटें, छत्तीसगढ़ की 7 सीटें और कर्नाटक की 14 सीटों पर मतदान होगा। इसके अलावा, दादरा और नगर हवेली और दमन और दीव में दो लोकसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इसके अलावा, चुनावी परिदृश्य में असम में 4 सीटें, बिहार में 5 सीटें, मध्य प्रदेश में 8 सीटें, महाराष्ट्र में 11 सीटें, उत्तर प्रदेश में 10 सीटें और पश्चिम बंगाल में 4 सीटों पर मतदान होगा।

तीसरे चरण के मतदान में ये निर्वाचन क्षेत्र  

असम की धुबरी, कोकराझार, बारपेटा और गुवाहाटी। बिहार की झंझारपुर, सुपौल, अररिया, मधेपुरा और खगड़िया। छत्तीसगढ़ की सरगुजा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, कोरबा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर। गोवा की दोनों उत्तरी गोवा और दक्षिणी गोवा। गुजरात की 26 में से 25 सीटों- कच्छ, बनासकांठा, पाटन, महेसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अहमदाबाद पूर्व, अहमदाबाद पश्चिम, सुरेंद्रनगर, राजकोट, पोरबंदर, जामनगर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, आनंद, खेड़ा, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, छोटा उदयपुर, भरूच , बारडोली, नवसारी और वलसाड में मतदान होगा। सूरत में भाजपा उम्मीदवार ने निर्विरोध जीत दर्ज की है। 

कर्नाटक की चिक्कोडी, बेलगाम, बागलकोट, बीजापुर, गुलबर्गा, रायचूर, बीदर, कोप्पल, बेल्लारी, हावेरी, धारवाड़, उत्तर कन्नड़, दावणगेरे और शिमोगा। मध्य प्रदेश की भिंड, भोपाल, गुना, ग्वालियर, मुरैना, राजगढ़, सागर, विदिशा और बैतूल। बैतूल में मतदान बसपा प्रत्याशी के निधन के कारण दूसरे से तीसरे चरण में स्थानांतरित किया गया था। 

महाराष्ट्र की बारामती, रायगढ़, उस्मानाबाद, लातूर (एससी), सोलापुर (एससी), माधा, सांगली, सतारा, रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर और हटकनंगले। उत्तर प्रदेश की संभल, हाथरस, आगरा (एससी), फ़तेहपुर सीकरी, फ़िरोज़ाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूँ, आंवला और बरेली। पश्चिम बंगाल की मालदाहा उत्तर, मालदाहा दक्षिण, जंगीपुर और मुर्शिदाबाद। तीसरे चरण में घोषित जम्मू-कश्मीर की अनंतनाग-राजौरी सीट पर मतदान को 25 मई को पांचवे चरण में कराया जाएगा। 

इन सीटों पर टिकी सभी की निगाहें 

इस चरण में जिन प्रमुख उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होने जा रहा है उनमें गुजरात के गांधीनगर से भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदिशा से शिवराज सिंह चौहान, गुना से ज्योतिरादित्य सिंधिया, धारवाड़ से प्रह्लाद जोशी, हावेरी से बसवराज बोम्मई और धुबरी से बदरुद्दीन अजमल, मैनपुरी से डिंपल यादव, बारामती से सुप्रिया सुले शामिल हैं।

अमित शाह गुजरात की गांधीनगर सीट से:

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 1989 से भाजपा के गढ़ रहे गांधीनगर, गुजरात से अपने दूसरे कार्यकाल के लिए चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस की सोनल पटेल से है, उनका लक्ष्य 2019 में सीजे चावड़ा के खिलाफ लड़े गए चुनाव में 5.55 लाख वोटों की जीत के अंतर को दोहराना है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश की गुना सीट से:

कांग्रेस के पूर्व नेता व वर्तमान में नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 2020 में भाजपा में जाने के बाद मध्य प्रदेश के गुना से चुनाव लड़ रहे हैं। वह 2019 में यह सीट भाजपा के कृष्ण पाल सिंह से हार गए थे। इस सीट पर अब उनका मुकाबला कांग्रेस के यादवेंद्र राव देशराज सिंह से है।

डिंपल यादव उत्तर प्रदेश की मैनपुरी सीट से:

समाजवादी पार्टी की नेता डिंपल यादव उत्तर प्रदेश के मैनपुरी से फिर से चुनाव लड़ रही हैं। यह सीट पहले उनके ससुर मुलायम सिंह यादव के पास थी। दिसंबर 2022 में हुए उपचुनाव में डिंपल यादव ने भाजपा के रघुराज सिंह शाक्य को हराकर इस सीट पर जीत हासिल की थी। इस बार इस सीट पर उनका मुकाबला भाजपा के जयवीर सिंह ठाकुर से है।

सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र में बारामती सीट से:

अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार बारामती से अपनी भाभी और राकांपा (सपा) सुप्रीमो शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले के खिलाफ सियासी मैदान में उतरी हैं। अपने सामाजिक कार्यों के लिए मशहूर सुनेत्रा का लक्ष्य इस चुनाव में पवार की विरासत को चुनौती देना है। दरअसल, बारामती सीट 1984 से पवार परिवार का गढ़ रहा है। यह सीट पहले शरद पवार और फिर सुप्रिया सुले के पास रही, जिन्होंने 2019 में भाजपा की कंचन राहुल कुल को हराया था।

दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश में राजगढ़ सीट से:

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह राजगढ़ से चुनावी मैदान में लौटे हैं, जो इस चुनाव में अहम सीट मानी जा रही है। दिग्विजय सिंह, इसे अपना “अंतिम चुनाव” बताते हुए, भाजपा के दो बार के सांसद रह चुके रोडमल नागर से मुकाबला कर रहे हैं।

शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश में विदिशा सीट से:

वहीं मध्य प्रदेश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले शिवराज सिंह चौहान विदिशा से कांग्रेस के प्रताप भानु शर्मा को चुनौती दे रहे हैं। विदिशा सीट से भाजपा के उम्मीदवार शिवराज सिंह चौहान का लक्ष्य विदिशा से पांच बार के सांसद के रूप में अपनी स्थिति बरकरार रखना है।

प्रह्लाद जोशी कर्नाटक में धारवाड़ सीट से:

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी कर्नाटक के धारवाड़ से फिर से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वह 2004 से यह सीट जीत रहे हैं। केंद्रीय संसदीय मामलों, कोयला और खान मंत्री के रूप में कार्यरत प्रह्लाद जोशी का इस चुनाव में कांग्रेस के विनोद आसुती से मुकाबला है। 

कॉपीराइट © 2024 न्यूज़ ऑन एयर। सर्वाधिकार सुरक्षित
आगंतुकों: 1733466
आखरी अपडेट: 19th May 2024