लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का बारबाडोस संसद दौरा सम्पन्न, भारत-बारबाडोस संबंधों में आई नई मजबूती

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने 68वीं कॉमनवेल्थ संसदीय सम्मेलन के लिए बारबाडोस की नेशनल असेंबली का दौरा किया। इस मौके पर बारबाडोस की हाउस ऑफ असेंबली के स्पीकर आर्थर होल्डर ने ओम बिरला और भारतीय प्रतिनिधिमंडल का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों देशों के सांसदों ने इस दौरान द्विपक्षीय सहयोग, लोकतांत्रिक मूल्यों के आदान-प्रदान और वैश्विक मंचों पर साझेदारी बढ़ाने पर चर्चा की।

यात्रा के दौरान ओम बिरला ने बारबाडोस संसद में रखी ऐतिहासिक स्पीकर की कुर्सी भी देखी, जो भारत सरकार ने वर्ष 1966 में बारबाडोस की स्वतंत्रता के अवसर पर उपहार में दी थी। यह कुर्सी भारतीय सागौन की लकड़ी से 12 भारतीय कारीगरों द्वारा लगभग एक वर्ष में हाथ से तैयार की गई थी। इस पर लिखा है, “भारत की जनता की ओर से बारबाडोस की जनता के लिए” जो दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक है। बिरला ने कहा कि भारत और बारबाडोस की लोकतांत्रिक परंपराएं और साझा मूल्य दोनों देशों को और करीब लाते हैं। दोनों पक्षों ने शिक्षा, संस्कृति, नवीकरणीय ऊर्जा और संसदीय सहयोग जैसे क्षेत्रों में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की। प्रतिनिधियों ने माना कि ओम बिरला के नेतृत्व में हुए इस दौरे से भारत-बारबाडोस संबंधों में एक नया आयाम जुड़ा है।

ओम बिरला ने बारबाडोस में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारतीय प्रवासी अपनी मेहनत और ईमानदारी से पूरी दुनिया में भारत का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि बारबाडोस में भारतीय समुदाय दिवाली, होली, गणेश चतुर्थी और नवरात्रि जैसे त्योहार एक साथ मनाता है, जिससे समुदाय के बीच एकता बढ़ती है। बिरला ने कहा कि रामायण और महाभारत जैसे ग्रंथ सत्य, धर्म और कर्तव्य का संदेश देते हैं, जो आज भी भारतीय समाज को मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज भारत अंतरिक्ष अन्वेषण, डिजिटल भुगतान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी अत्याधुनिक तकनीकों में अग्रणी है। उन्होंने यह भी कहा कि क्रिकेट भारत और बारबाडोस के बीच एक मजबूत सांस्कृतिक सेतु है। दोनों देशों के बीच हाल के वर्षों में आईटी, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्रों में घनिष्ठ सहयोग हुआ है। बिरला ने प्रवासी भारतीयों से भारतीय भाषाओं और संस्कृति को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का आग्रह किया।

कॉमनवेल्थ संसदीय सम्मेलन के दौरान ओम बिरला ने कई द्विपक्षीय बैठकें भी कीं। ऑस्ट्रेलियाई सीनेट की अध्यक्ष सू लाइन्स के साथ बैठक में उन्होंने भारत-ऑस्ट्रेलिया के व्यापक रणनीतिक साझेदारी (2020) और रक्षा, व्यापार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में सहयोग को उजागर किया। बिरला ने भारत की संसदीय नवाचार पहलों- ‘डिजिटल संसद’ और एआई आधारित बहुभाषी उपकरणों का उल्लेख करते हुए पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने पर चर्चा की। उन्होंने सू लाइन्स को जनवरी 2026 में नई दिल्ली में होने वाले 28वें कॉन्फ्रेंस ऑफ स्पीकर्स एंड प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स ऑफ द कॉमनवेल्थ (CSPOC) में आमंत्रित किया।

बारबाडोस के स्पीकर आर्थर होल्डर के साथ बैठक में संयुक्त राष्ट्र, जी-77 और कैरिबियन समूह (CARICOM) जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग और विधायी प्रथाओं के आदान-प्रदान पर चर्चा हुई। उन्होंने एआई और नई तकनीकों के उपयोग से नागरिक-केंद्रित संसदों को बढ़ावा देने की बात कही और होल्डर को भी 28वें CSPOC सम्मेलन में भाग लेने का निमंत्रण दिया। जमैका की संसद की स्पीकर जूलियट होलनेस और जाम्बिया की नेशनल असेंबली की स्पीकर नेली मुट्टी से भी बिरला ने द्विपक्षीय वार्ता की। इन बैठकों में संसदीय आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण, विधायी पारदर्शिता, और तकनीकी नवाचारों के उपयोग पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं को भी जनवरी 2026 में नई दिल्ली में होने वाले CSPOC सम्मेलन में आमंत्रित किया गया।

ओम बिरला की यह यात्रा भारत की “वसुधैव कुटुम्बकम्” की भावना को दर्शाती है और यह स्पष्ट करती है कि भारत की साझेदारी केवल कूटनीतिक या आर्थिक नहीं, बल्कि दिलों और विचारों का संबंध है।-(PIB)

RELATED ARTICLES

13/10/26 | 1:28 pm | इन्फोसिस

AI को बड़े पैमाने पर लोगों तक पहुंचाने में भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा: नंदन नीलेकणि

 इन्फोसिस के सह-संस्थापक और राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के परीक्षा सुधारों के लिए गठित उच्...

08/10/26 | 9:38 am | Akshay

फिल्म इंडस्ट्री के सह-कलाकारों ने अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त किया, कहा- एक युग का अंत

भारतीय सिनेमा के लिए आज एक बहुत दुखद दिन है। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का गुरुवार को अपने आवास ...