गुजरात के स्वास्थ्य केंद्रों में बड़ा सफाई अभियान, हटाए गए 5 लाख से ज्यादा अनुपयोगी सामान

गुजरात में चल रहे राज्यव्यापी ‘नमो स्वच्छता अभियान’ के तहत सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों से पांच लाख से ज्यादा अनुपयोगी सामान हटाए गए हैं। इस अभियान से अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में 1,677 कमरे खाली हुए हैं, जिनका इस्तेमाल भविष्य में मरीजों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए किया जा सकेगा।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान 1 जुलाई से 7 जुलाई तक राज्य के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में चलाया जा रहा है। इसमें सब-सेंटर से लेकर मेडिकल कॉलेज और अस्पतालों तक को शामिल किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान शुरू होने के बाद से 12,000 से ज्यादा स्वास्थ्य संस्थानों में कुल 5,49,897 अनुपयोगी वस्तुओं की पहचान की गई है। इनमें से 5,03,329 वस्तुओं का मौके पर ही निपटारा किया जा चुका है, जबकि बाकी सामान को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हटाया जा रहा है।

विभाग ने बताया कि इस सफाई अभियान से खाली हुए कमरों का इस्तेमाल स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए किया जाएगा।

अभियान के छठे दिन ही 12 हजार से अधिक स्वास्थ्य संस्थानों में 38 हजार से ज्यादा बेकार वस्तुओं की पहचान की गई। इसके साथ ही बड़ी संख्या में सामान का निपटारा कर कई कमरों को उपयोग के लिए खाली कराया गया।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अभियान के दौरान लकड़ी और लोहे के फर्नीचर, एंबुलेंस, सरकारी वाहन, इलेक्ट्रॉनिक और आईटी उपकरणों के साथ मेडिकल उपकरणों की भी मरम्मत की गई।

पहले छह दिनों में करीब 34,166 उपकरणों और अन्य वस्तुओं की मरम्मत पूरी की गई है, जिससे स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

अधिकारियों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य अस्पताल परिसरों से कबाड़ और अनुपयोगी सामग्री हटाना, इमारतों की सफाई करना, सुरक्षित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करना और जरूरी मरम्मत कार्य पूरा करना है।

इसके अलावा अस्पतालों में फायर सेफ्टी, इलेक्ट्रिकल सुरक्षा जांच, फर्नीचर मरम्मत, छोटे निर्माण कार्य और संक्रमण नियंत्रण से जुड़े सुधारों पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

‘नमो स्वच्छता अभियान’ की शुरुआत मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गांधीनगर के GMERS ऑडिटोरियम से स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया की मौजूदगी में की थी। यह विशेष अभियान 7 जुलाई को पूरा होगा।

(इनपुटः एजेंसी)