पूर्वी दिल्ली के शाहदरा इलाके में अवैध दवाओं की बिक्री के एक बड़े रैकेट का खुलासा हुआ है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में दवाएं जब्त की हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर अधिकारियों ने राशिद मार्केट, खुरेजी गांव में कार्रवाई की, जहां से 104 प्रकार की दवाएं बरामद हुईं। ये दवाएं बिना वैध लाइसेंस के बिक्री और वितरण के लिए रखी गई थीं। साथ ही 23 एक्सपायर्ड दवाएं भी मौके से मिलीं।
जांच के दौरान आरोपी कोई वैध ड्रग लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि वह Drugs and Cosmetics Act 1940 का उल्लंघन कर रहा था।
अधिकारियों ने कुछ दवाओं के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए भेजे हैं। डिकॉय ऑपरेशन के तहत एक फर्जी ग्राहक ने बिना प्रिस्क्रिप्शन और बिना बिल के दवाएं खरीदकर अवैध बिक्री की पुष्टि की। ऑपरेशन में इस्तेमाल की गई चिन्हित नकदी भी बरामद की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि इस परिसर का ड्रग लाइसेंस सितंबर 2024 में रद्द किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद यहां दवाओं का अवैध कारोबार जारी था।
स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने कहा कि सरकार जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और दवाओं की अवैध बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भी ऐसी गतिविधियों की जानकारी देने की अपील की।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और जब्त दवाओं के स्रोत का पता लगाया जा रहा है, साथ ही इसमें शामिल अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
-(इनपुटःएजेंसी)


