राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने राष्ट्रीय राजमार्गों के संचालन और रखरखाव (O&M) को अधिक पेशेवर और तकनीक आधारित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। NHAI द्वारा प्रायोजित नेशनल हाईवेज इंफ्रा ट्रस्ट (NHIT) ने अपने हाईवे नेटवर्क के बेहतर प्रबंधन के लिए जनरल मैनेजमेंट कंसल्टेंट्स (GMCs) की नियुक्ति की है।
NHIT का पंजीकरण अक्टूबर 2020 में सेबी (SEBI) के तहत हुआ था और फिलहाल यह 2,653 किलोमीटर लंबे राष्ट्रीय राजमार्गों का प्रबंधन कर रहा है। पहले चरण में 908 किलोमीटर लंबे हाईवे की देखरेख GMCs के जरिए की जाएगी।
इन कंसल्टेंट्स की मदद से हाईवे की नियमित जांच, रखरखाव की जरूरतों की पहचान, सड़क सुरक्षा उपाय, खराबियों की मरम्मत और क्षमता बढ़ाने जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके लिए आधुनिक तकनीक और उपकरणों का इस्तेमाल किया जाएगा।
GMCs विशेष एजेंसियों और ठेकेदारों की नियुक्ति, काम की निगरानी, कार्य पूरा होने का प्रमाणन, टोल प्लाजा संचालन में सुधार और ट्रैफिक प्रबंधन जैसे कार्यों की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। साथ ही वे सेबी के नियमों के अनुसार रिपोर्टिंग और अनुपालन भी सुनिश्चित करेंगे।
NHAI ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्गों के प्रबंधन में वैश्विक स्तर की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों को अपनाना, सड़कों की गुणवत्ता बेहतर बनाना और यात्रियों को सुरक्षित व सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है।
प्राधिकरण का मानना है कि इस मॉडल से हाईवे रखरखाव के क्षेत्र में विशेषज्ञ एजेंसियों का मजबूत नेटवर्क विकसित होगा, जिससे रोजगार, नवाचार और बुनियादी ढांचे में निवेश को भी बढ़ावा मिलेगा। भविष्य में NHAI विशेष O&M ठेकेदारों का अलग इकोसिस्टम भी विकसित करने की योजना बना रहा है।
-PIB


