नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले हजारों विद्यार्थियों को ओडिशा सरकार ने बड़ी सुविधा दी है। राज्य सरकार ने नीट अभ्यर्थियों के लिए ओडिशा राज्य सड़क परिवहन निगम (ओएसआरटीसी) की बसों में निशुल्क यात्रा की व्यवस्था कर दी है।
एडमिट कार्ड दिखाकर बिना टिकट के यात्रा कर सकेंगे अभ्यर्थी
वाणिज्य एवं परिवहन विभाग के निर्देशानुसार, परीक्षार्थी ओएसआरटीसी की किसी भी बस में अपना एडमिट कार्ड दिखाकर बिना टिकट के यात्रा कर सकेंगे। इस पहल का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के इलाकों से आने वाले छात्रों को परीक्षा केंद्रों तक सुगम, सुरक्षित और परेशानी मुक्त पहुंच सुनिश्चित करना है।
कुल 134 परीक्षा केंद्रों पर 56,983 अभ्यर्थी
नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी। ओडिशा में कुल 134 परीक्षा केंद्रों पर 56,983 अभ्यर्थी परीक्षा देने वाले हैं।
सरकार का यह कदम अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के लिए राहत भरा
सरकार का यह कदम अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों दोनों के लिए राहत भरा है, क्योंकि परीक्षा के दिन परिवहन की चिंता अब नहीं रहेगी। अधिकारियों ने सभी बस डिपो प्रबंधकों को इस विशेष व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए हैं।
नीट अभ्यर्थियों के लिए सलाह: यात्रा के समय एडमिट कार्ड साथ रखना अनिवार्य है। बिना एडमिट कार्ड के मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। (इनपुट-एजेंसी)


