नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ़ इंडिया ने सोमवार को इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट (EGR) सेगमेंट में लाइव ट्रेडिंग शुरू करने की घोषणा की। इसे भारत के गोल्ड ट्रेडिंग इकोसिस्टम के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
एनएसई के अनुसार, 16 मई को सफल मॉक ट्रेडिंग के बाद 18 मई से EGR में लाइव ट्रेडिंग शुरू कर दी गई। एक्सचेंज ने बताया कि ट्रायल के दौरान किसी तरह की तकनीकी समस्या या सिस्टम एरर सामने नहीं आया, जिसके बाद लाइव ऑपरेशन को मंजूरी दी गई।
इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीट यानी EGR, फिजिकल गोल्ड का डिजिटल रूप है। इसका उद्देश्य एक्सचेंज प्लेटफॉर्म पर सोने की खरीद-बिक्री को अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित बनाना है। इससे संगठित गोल्ड मार्केट में भागीदारी बढ़ने और बेहतर प्राइस डिस्कवरी में मदद मिलने की उम्मीद है।
एनएसई ने कहा कि बाजार सहभागियों और पूरे इकोसिस्टम से EGR उत्पाद को शानदार प्रतिक्रिया मिली है। इस पहल के तहत अहमदाबाद और मुंबई में वैल्यूइंग एवं कलेक्शन सेंटर पहले ही शुरू हो चुके हैं। वहीं दिल्ली, कोलकाता, चेन्नई और बेंगलुरु में भी नए सेंटर तत्काल प्रभाव से सक्रिय किए जा रहे हैं।
एक्सचेंज ने बताया कि आने वाले समय में चरणबद्ध तरीके से देशभर में करीब 120 सेंटर तक इस नेटवर्क का विस्तार किया जाएगा। एनएसई ने इस नए सेगमेंट को सफल बनाने में बाजार सहभागियों, इंटरमीडियरी और अन्य साझेदारों के सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया।
EGR ट्रेडिंग की शुरुआत भारत में गोल्ड ट्रेडिंग को अधिक औपचारिक और रेगुलेटेड स्पॉट मार्केट संरचना देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
(इनपुट- ANI)


