केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मंगलवार को नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ एंटी-डोपिंग साइंटिस्ट्स (डब्ल्यूएएडीएस) की 10वीं क्वालिटी एश्योरेंस मैनेजर मीटिंग 2026 में नेशनल डोप टेस्टिंग लेबोरेटरी (एनडीटीएल) की ‘एक्स्ट्रा-म्यूरल रिसर्च ग्रांट पॉलिसी’ लॉन्च की। 2 नवंबर से शुरू हुई यह दो दिवसीय बैठक एनडीटीएल की ओर से आयोजित की गई, जिसमें खेल और वैज्ञानिक जगत के अंतरराष्ट्रीय हितधारकों ने हिस्सा लिया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल मांडविया ने एनडीटीएल के न्यूजलेटर का भी शुभारंभ किया।
डोपिंग के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति
मांडविया ने डोपिंग के प्रति भारत की जीरो टॉलरेंस (शून्य सहनशीलता) नीति को दोहराते हुए कहा कि देश में डोपिंग के मामलों को लेकर कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, “डोपिंग के मामले में भारत की नीति जीरो टॉलरेंस की है। हमारी जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि हर जीत प्रतिभा, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर हासिल की जाए। पिछले दो वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को राष्ट्र निर्माण के एक महत्वपूर्ण स्तंभ के रूप में मान्यता मिली है। भारत की खेल यात्रा अब एक नए चरण में प्रवेश कर चुकी है।”
डोपिंग अनुसंधान और वैज्ञानिक क्षमता को मिलेगा बढ़ावा
एंटी-डोपिंग अनुसंधान और शिक्षा को प्रोत्साहित करने की भारत की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए मांडविया ने कहा कि एक्स्ट्रा-म्यूरल रिसर्च ग्रांट पॉलिसी का उद्देश्य डोपिंग का पता लगाने और उसकी रोकथाम से जुड़े उन्नत क्षेत्रों में अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देना है। यह पहल देश के एंटी-डोपिंग प्रयासों के वैज्ञानिक आधार को और मजबूत करेगी।
खिलाड़ियों की शिक्षा और जागरूकता पर जोर
मांडविया ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण मजबूत परीक्षण अवसंरचना के साथ शिक्षा, जागरूकता और रोकथाम को जोड़ने का है। उन्होंने कहा कि भारत राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी की तैयारी कर रहा है और 2036 ओलंपिक की मेजबानी का लक्ष्य भी रखता है। ऐसे में एंटी-डोपिंग परीक्षण, खिलाड़ी शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग देश की प्राथमिकताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों, कोचों और चिकित्सा पेशेवरों को प्रतिबंधित पदार्थों के प्रभाव, सप्लीमेंट्स से जुड़े जोखिमों और एंटी-डोपिंग नियमों के तहत अपनी जिम्मेदारियों की जानकारी होनी चाहिए।
खेलों में भारत की उपलब्धियों का किया उल्लेख
मनसुख मनसुखमांडविया ने कहा कि भारत खेल राष्ट्र बनने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठा चुका है। खेलो इंडिया, फिट इंडिया और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम जैसी पहलों के माध्यम से देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत किया गया है और युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न एशियन गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में से एक दिया और देश पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। वहीं, एशियन पैरा गेम्स 2026 में भारतीय पैरा खिलाड़ियों ने रिकॉर्ड 114 पदक जीतकर इन खेलों में देश का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया। (इनपुट: आईएएनएस)


