देवशयनी एकादशी पर सीएम योगी समेत कई मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि पर शनिवार को देशभर में देवशयनी एकादशी श्रद्धा और आस्था के साथ मनाई गई। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं और इसी के साथ चातुर्मास का शुभारंभ होता है। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने लोगों को शुभकामनाएं देते हुए सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

सीएम योगी ने साझा किया श्लोक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर श्लोक, “सर्गस्थितिविनाशानां जगतो यो जगन्मयः। मूलभूतो नमस्तस्मै विष्णवे परमात्मने॥” साझा किया। उन्होंने लिखा, “भगवान श्रीहरि के ‘योगनिद्रा’ में गमन की पावन तिथि देवशयनी एकादशी पर त्रिलोक स्वामी से प्रार्थना है कि उनकी कृपा सम्पूर्ण सृष्टि पर सर्वदा बनी रहे। सभी श्रद्धालुओं के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार हो।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘एक्स’ पर लिखा, “देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्रीहरि विष्णु से प्रार्थना है कि उनकी कृपा हम सभी पर बनी रहे। उनका आशीर्वाद हम सभी के जीवन को स्वस्थ, सुखी, समृद्ध एवं मंगलमय बनाए।”

भजनलाल शर्मा ने आरोग्य और खुशहाली की कामना की

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अपने संदेश में कहा, “सभी प्रदेशवासियों को पावन देवशयनी एकादशी की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्रीहरि विष्णु की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, आरोग्य एवं खुशहाली का संचार हो।”

फडणवीस ने पंढरपुर में की पूजा-अर्चना

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने देवशयनी आषाढ़ी एकादशी के अवसर पर श्रीक्षेत्र पंढरपुर में भगवान श्री विट्ठल और माता रुक्मिणी की पूजा एवं अभिषेक किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज श्रीक्षेत्र पंढरपुर में भगवान श्री विट्ठल और माता श्री रुक्मिणी की भव्य पूजा और अभिषेक के बाद महाराष्ट्र की सुख-समृद्धि, किसानों की खुशहाली और हर नागरिक के मंगलमय जीवन के लिए विट्ठुमौली के चरणों में प्रार्थना की गई।” (इनपुट: आईएएनएस)