प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा की उपस्थिति में मंगलवार को भारत और ब्राज़ील के बीच विभिन्न समझौतों (MoUs) का आदान-प्रदान हुआ। पीएम मोदी ने कहा कि ऊर्जा के क्षेत्र में हमारा सहयोग निरंतर बढ़ रहा है। पर्यावरण और स्वच्छ ऊर्जा दोनों देशों की प्रमुख प्राथमिकताएं हैं। इस क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाने के लिए आज हुआ समझौता हमारे हरित लक्ष्यों को नई गति देगा। मैं राष्ट्रपति लूला को इस वर्ष ब्राज़ील में आयोजित हो रही COP 30 बैठक के लिए बधाई देता हूं।

भारत के विदेश मंत्रालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति लूला ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब डॉलर तक पहुंचाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। दोनों नेताओं ने व्यापार, वाणिज्य और निवेश से जुड़े मामलों की प्रगति की निगरानी के लिए मंत्रीस्तरीय स्तर पर एक स्थायी तंत्र स्थापित करने का निर्णय लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने India-Mercosur व्यापार समझौते के विस्तार में ब्राज़ील से सहयोग की अपील भी की, जिससे क्षेत्रीय आर्थिक साझेदारी को नया बल मिल सके।

वहीं, पीएम मोदी ने मंगलवार को ब्रजील के राष्ट्रपति लूला के साथ सीमित वार्ता की, जिसके बाद प्रतिनिधिमंडल स्तरीय बातचीत हुई। पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मेरे अच्छे मित्र राष्ट्रपति लूला के साथ द्विपक्षीय बैठक भारत-ब्राजील संबंधों को और मजबूत करेगी। हमने आने वाले पांच वर्षों में 20 बिलियन अमेरिकी डॉलर का महत्वाकांक्षी व्यापार लक्ष्य निर्धारित किया है। इससे आर्थिक संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। लोगों के बीच आपसी संबंधों को मजबूत करने, खासकर खेल और पर्यटन के माध्यम से, पर भी चर्चा समान रूप से महत्वपूर्ण रही।

पीएम मोदी ने एक्स पर कहा, “स्वच्छ ऊर्जा, सतत विकास और जलवायु परिवर्तन पर काबू पाना भी हमारी बातचीत में चर्चा के प्रमुख विषय थे। अन्य क्षेत्र जहां हम और भी अधिक निकटता से काम करेंगे, उनमें रक्षा, सुरक्षा, एआई और कृषि शामिल हैं। अंतरिक्ष, सेमीकंडक्टर और डीपीआई में भारत-ब्राजील सहयोग से हमारे लोगों को लाभ होगा।”

वहीं, ब्राजील पर विदेश मंत्रालय ने एक विशेष प्रेस वार्ता में कहा कि द्विपक्षीय बातचीत में दोनों नेताओं ने रक्षा और सुरक्षा, कृषि, खाद्य एवं पोषण सुरक्षा, ऊर्जा बदलाव, जलवायु परिवर्तन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, महत्वपूर्ण खनिज संसाधन, तेल और गैस जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा की।