कोलकाता के न्यू मार्केट क्षेत्र की फ्री स्कूल स्ट्रीट पर स्थित एक होटल में मंगलवार-बुधवार की मध्यरात्रि भीषण आग लगने की घटना घटी। इस हादसे में एक बच्चे समते करीब नौ लोगों के मारे जाने की आशंका है जबकि छह अन्य लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग करीब रात दो बजे मिर्जा गालिब स्ट्रीट के पास के होटल में लगी। सबसे पहले धुआं दिखने की सूचना मिली। आग होटल के बाहर निकलने वाले रास्तों के आसपास फैल गई थी। आधी रात का समय होने के कारण कई लोगों को घटना की जानकारी देर से हुई और धुएं के कारण वे अंदर फंस गए।
पुलिस और दमकल विभाग मामले की कर रहे जांच
दमकल की चार गाड़ियों और आपदा प्रबंधन टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव अभियान चलाया तथा आग पर काबू पा लिया। आग लगने का आधिकारिक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शुरुआती जानकारी में एसी में खराबी या धमाके की संभावना जताई जा रही है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
यह पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों की दूसरी बड़ी होटल आग की घटना है
न्यू मार्केट थाना पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद रही। यह पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों की दूसरी बड़ी होटल आग की घटना है। इससे दो दिन पहले 17 अगस्त को बीरभूम के तारापीठ स्थित होटल विदेशिनी में आग लगने की घटना घटी थी। वहीं 18 अगस्त को कोलकाता एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल रूम के दूसरे तल पर भी आग लगी थी, जिसे त्वरित कार्रवाई से काबू में ले लिया गया। (इनपुट-एजेंसी)


