अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय (MoMA) ने आज सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार के 11 वर्षों की सेवा, सुशासन और जनकल्याण की यात्रा को एक विशेष समारोह के माध्यम से मनाया। यह कार्यक्रम अल्पसंख्यक मंत्रालय के सचिव डॉ. चंद्रशेखर कुमार की अध्यक्षता में हुआ, जिसमें मंत्रालय और उससे जुड़े संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। समारोह के दौरान मंत्रालय की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया, जिसमें पारदर्शिता, समावेशिता और कुशल सेवा वितरण को केंद्र में रखा गया।
सचिव डॉ. कुमार ने बताया कि सभी योजनाओं का संचालन अब विशेष डिजिटल पोर्टलों के माध्यम से किया जा रहा है, जिससे लाभार्थियों को सीधा और पारदर्शी लाभ मिल रहा है। मंत्रालय ने सभी योजनाओं के लिए थर्ड-पार्टी ऑडिट और समीक्षा की व्यवस्था की है ताकि जवाबदेही बनी रहे और योजनाओं की प्रभावशीलता में सुधार हो। नीति निर्माण में राज्यों और हितधारकों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है ताकि जमीनी स्तर की वास्तविकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई जा सकें।
एक बड़ी उपलब्धि के रूप में “वक्फ संशोधन अधिनियम, 2025” को अधिसूचित किया गया है, जिसे संयुक्त संसदीय समिति की व्यापक चर्चा के बाद पारित किया गया। यह अधिनियम वक्फ संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन और समुदाय के कल्याण को सशक्त बनाता है। इसके साथ ही, 6 जून 2025 को “उम्मीद” नामक केंद्रीय पोर्टल लॉन्च किया गया, जो विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को एक ही मंच पर लाकर अल्पसंख्यक समुदायों को सशक्त बनाने का एक महत्वपूर्ण डिजिटल कदम है। मंत्रालय द्वारा वक्फ अधिनियम के अंतर्गत केंद्रीय नियमों का प्रारूप भी अंतिम चरण में है, जिससे कानून का प्रभावी कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जा सकेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारत को 2047 तक एक समृद्ध और समान अवसर वाला राष्ट्र बनाने की शपथ ली। यह आयोजन मंत्रालय की अब तक की यात्रा और प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के विजन को साकार करने की दिशा में उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।-(PIB)


