केंद्र सरकार ने भारत टेक्स 2026 प्रदर्शनी को और अधिक सहज एवं डिजिटल बनाने के लिए आधिकारिक मोबाइल ऐप लॉन्च कर दिया है। इस ऐप में एआई स्मार्ट असिस्टेंट, डिजिटल पहचान-पत्र, नेटवर्किंग और रीयल-टाइम अपडेट जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
केंद्रीय वस्त्र मंत्रालय की सचिव नीलम शमी राव ने बुधवार को यहां इस ऐप का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि ऐप प्रदर्शनी में आने वाले प्रतिभागियों को प्रदर्शकों की खोज, बैठक तय करने, स्थल पर दिशा-निर्देश, ज्ञान सत्रों तक पहुंच और वास्तविक समय की जानकारी आसानी से उपलब्ध कराएगा।
ऐप की प्रमुख विशेषताएं:
– एआई स्मार्ट असिस्टेंट: 24×7 संवादात्मक मार्गदर्शन। सरल भाषा में पूछे गए सवालों पर कार्यक्रम, समय-सारणी, स्थल आदि की जानकारी देगा।
– नेटवर्किंग मॉड्यूल: प्रदर्शक और खरीदार आपस में आसानी से जुड़ सकेंगे।
– क्यूआर आधारित संपर्क संग्रह: डिजिटल पहचान-पत्र स्कैन कर संपर्क विवरण सुरक्षित रखने की सुविधा।
– मैप और दिशा-निर्देश: प्रदर्शनी स्थल पर आसान नेविगेशन।
भारत टेक्स 2026 का आयोजन 14 से 17 जुलाई 2026 तक भारत मंडपम, नई दिल्ली में होगा। इसमें 7,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 1,30,000 से ज्यादा व्यापारिक आगंतुक शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन में भारत की पूरी वस्त्र मूल्य श्रृंखला — फाइबर से लेकर यार्न, कपड़ा, परिधान, हस्तकरघा, तकनीकी वस्त्र और स्मार्ट विनिर्माण तक — को प्रदर्शित किया जाएगा।
यह आयोजन भारत टेक्स व्यापार संगठन द्वारा 11 वस्त्र निर्यात संवर्धन परिषदों और उद्योग संगठनों के सहयोग से किया जा रहा है। यह प्रधानमंत्री के 5F विजन (Farm to Fibre to Factory to Fashion to Foreign) पर आधारित है, जिसका लक्ष्य भारत को विश्व का विश्वसनीय, सतत और नवाचार-आधारित वस्त्र गंतव्य बनाना है। (इनपुट-एजेंसी)


