पर्यटन मंत्रालय ने 5,756.62 करोड़ रुपए की 117 परियोजनाओं को दी मंजूरी, पर्यटन अवसंरचना को मिलेगी मजबूती

पर्यटन मंत्रालय ने पिछले दो वर्षों में देशभर में पर्यटन अवसंरचना के विकास, डिजिटल प्रचार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए 5,756.62 करोड़ रुपए की 117 परियोजनाओं को मंजूरी दी है। यह जानकारी केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने लोकसभा में एक लिखित उत्तर में दी। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य पर्यटन स्थलों का विकास, यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार और देश में पर्यटन को नई गति देना है।

विभिन्न योजनाओं के तहत दी जा रही वित्तीय सहायता

मंत्री ने बताया कि पर्यटन मंत्रालय स्वदेश दर्शन 2.0, चुनौती आधारित गंतव्य विकास, तीर्थयात्रा पुनरुद्धार एवं आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान (प्रशाद), पर्यटन अवसंरचना विकास के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सहायता तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (डीए-जुगा) जैसी योजनाओं के तहत राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को केंद्रीय वित्तीय सहायता प्रदान कर रहा है। इसके अलावा, ‘राज्यों को पूंजी निवेश के लिए विशेष सहायता-वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित पर्यटन केंद्रों का विकास’ पहल के तहत वर्ष 2024-25 में भी राज्यों को पर्यटन परियोजनाओं के लिए सहायता दी गई।

डिजिटल प्लेटफॉर्म से पर्यटन को बढ़ावा

पर्यटन मंत्रालय ‘इंक्रेडिबल इंडिया डिजिटल प्लेटफॉर्म’ के माध्यम से घरेलू और विदेशी पर्यटकों को एकीकृत डिजिटल सेवाएं उपलब्ध करा रहा है। सितंबर 2024 में लॉन्च किया गया यह पोर्टल कई भाषाओं में उपलब्ध है और इसमें फ्लाइट, होटल, कैब, बस तथा भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के स्मारकों के टिकट की बुकिंग जैसी सुविधाएं दी गई हैं। मंत्रालय आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल अभियानों और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के सहयोग से भी पर्यटन का प्रचार कर रहा है।

‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत कई कार्यक्रम

पर्यटन मंत्रालय ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के तहत भी विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन कर रहा है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित ‘भारत पर्व’ में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की भागीदारी के माध्यम से उनकी सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन क्षमता को प्रदर्शित किया जाता है। इसके अलावा, राष्ट्रीय एकता दिवस 2025 के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में भी मंत्रालय ने भागीदारी की।

छात्र विनिमय और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर जोर

मंत्रालय के अधीन 21 होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम), भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान (आईआईटीटीएम), भारतीय पाक कला संस्थान (आईसीआई) और भारतीय पर्यटन कार्यालय नियमित रूप से छात्र विनिमय कार्यक्रम, अध्ययन यात्राएं, सांस्कृतिक आयोजन, क्षेत्रीय व्यंजन उत्सव और भाषा शिक्षण गतिविधियों का आयोजन करते हैं। इन पहलों का उद्देश्य सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है।

विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए कई पहल

पर्यटन मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए पर्यटन रोडशो, व्यापार सम्मेलन, परिचयात्मक यात्राएं, मीडिया अभियान और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेलों में भागीदारी जैसी कई पहल शुरू की हैं। भारतीय दूतावासों, राज्यों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के सहयोग से भारत को प्रमुख वैश्विक पर्यटन बाजारों में प्रचारित किया जा रहा है।

ई-वीजा और पर्यटक सुविधाओं का विस्तार

सरकार ने यात्रा को आसान बनाने के लिए 174 देशों के नागरिकों के लिए नौ श्रेणियों में ई-वीजा सुविधा उपलब्ध कराई है। मंत्रालय 24 घंटे बहुभाषी पर्यटक हेल्पलाइन भी संचालित करता है। साथ ही, ‘इंक्रेडिबल इंडिया टूरिस्ट फैसिलिटेटर सर्टिफिकेशन’ (आईआईटीएफसी) कार्यक्रम के जरिए प्रशिक्षित पर्यटक सुविधाकर्ता तैयार किए जा रहे हैं और क्षेत्रीय गाइडों को ‘इंक्रेडिबल इंडिया टूरिस्ट गाइड’ (आईआईटीजी) प्रणाली से जोड़ा गया है।

विशेष पर्यटन उत्पादों को मिल रहा बढ़ावा

मंत्रालय आध्यात्मिक, ग्रामीण, जनजातीय, वेलनेस, चिकित्सा, साहसिक, एमआईसीई, विवाह और विरासत पर्यटन जैसे विशेष पर्यटन उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत पहल और अवसंरचना विकास पर काम कर रहा है। इसके तहत एमआईसीई पर्यटन के लिए ‘मीट इन इंडिया’ उप-ब्रांड, डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए ‘इंडिया सेज़ आई डू’ अभियान तथा सुरक्षित साहसिक पर्यटन के लिए मॉडल एडवेंचर टूरिज्म सेफ्टी फ्रेमवर्क भी जारी किया गया है। (इनपुट: पीआईबी)

RELATED ARTICLES

8 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

39 mins ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...