Print

पाकिस्तान में मोबाइल-इंटरनेट सेवाएं ठप, सड़कों पर उतरे स्थानीय लोग

पाकिस्तान के अपर साउथ वजीरिस्तान जिले में मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवाओं के लगातार बाधित होने से स्थानीय लोगों में गुस्सा फूट पड़ा। सरवेकी (Sarwekai) और बरवनद (Barwand) इलाकों में लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर संचार सेवाएं तुरंत बहाल करने की मांग की।

मंगलवार को पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय आदिवासी, युवा और व्यापारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पिछले 10 दिनों से पूरे क्षेत्र में मोबाइल सिग्नल और इंटरनेट पूरी तरह बंद पड़ा है, जिससे उनके दैनिक जीवन पर गंभीर असर पड़ रहा है।

लोगों पर पड़ा गंभीर असर

– ईद-उल-अजहा से पहले रिश्तेदारों से संपर्क नहीं हो पा रहा
– व्यापार और ऑनलाइन लेन-देन पूरी तरह ठप
– छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई प्रभावित
– आपातकालीन सेवाओं और चिकित्सा सहायता में दिक्कत

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मोबाइल और इंटरनेट बंदी से शिक्षा, स्वास्थ्य और अर्थव्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है।

तकनीकी खराबी बताई गई वजह

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र के मुख्य स्रारोगा अहमदवाम टावर में तकनीकी खराबी के कारण तीनों मोबाइल ऑपरेटरों की सेवाएं बाधित हो गई हैं।

बलूचिस्तान में भी विरोध

इसी बीच, पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में भी छात्रों ने इंटरनेट बंदी और प्रधानमंत्री यूथ लैपटॉप योजना के तहत लैपटॉप वितरण में हो रही देरी के खिलाफ प्रदर्शन किया। छात्रों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया और चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। पाकिस्तान के कई इलाकों में बार-बार होने वाली इंटरनेट और मोबाइल सेवाओं की बंदी स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी पैदा कर रही है। (इनपुट-एजेंसी)