पीएम मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन ने ऑकलैंड में खेल प्रदर्शनी का किया दौरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने शनिवार को ऑकलैंड में खेल उपकरणों की अभिनव प्रदर्शनी का अवलोकन किया और एक भव्य गाला लंच (दोपहर का भोज) में भी भाग लिया।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा, “खेल हमेशा से भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच एक मज़बूत पुल रहे हैं। इस साल, हम अपने जीवंत खेल संबंधों के 100 साल पूरे होने का जश्न भी मना रहे हैं। ऑकलैंड में, प्रधानमंत्री लक्सन और मैंने एक ‘स्पोर्टिंग शोकेस’ में हिस्सा लिया, जहां हमने खेल के क्षेत्र में कई आधुनिक इनोवेशन देखे। यह देखना बहुत अच्छा लगा कि कैसे टेक्नोलॉजी और क्रिएटिविटी खेलों के भविष्य को आकार दे रहे हैं और साथ ही हमारे दोनों देशों को और करीब ला रहे हैं।”

इसके अलावा, दोनों नेताओं ने न्यूजीलैंड के सम्मानित खिलाड़ियों और उच्च प्रदर्शन वाले खेलों (हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स) से जुड़े अन्य हितधारकों के साथ भी बातचीत की।
यह जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के बीच खेल सहयोग के 100 वर्षों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान संपन्न हुई स्पोर्ट्स जॉइंट एक्शन प्लान दोनों देशों के बीच क्रिकेट से आगे बढ़कर खेल सहयोग को नई दिशा देगी। एमईए ने कहा, “यह यात्रा खेल सहयोग को और अधिक व्यापक बनाने की दोनों देशों की इच्छा के अनुरूप थी, विशेष रूप से ऐसे समय में जब भारत वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) की मेजबानी की तैयारी कर रहा है।”

प्रधानमंत्री लक्सन द्वारा पीएम मोदी के सम्मान में आयोजित विशेष गाला लंच, जिसका विषय “भारत-न्यूजीलैंड: एक विजयी साझेदारी” था, में राजनीति, व्यापार, उद्योग, शिक्षा, प्रौद्योगिकी, खेल और कला जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के बीच मौजूद परस्पर पूरकताओं और लंबे समय से चले आ रहे जन-से-जन संबंधों का उल्लेख किया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, “उन्होंने भारत-न्यूजीलैंड द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी (स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप) के स्तर तक पहुंचाए जाने का स्वागत किया और विश्वास व्यक्त किया कि इससे दोनों देशों के बीच जारी सहयोग और अधिक गहरा होगा। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड समय में संपन्न हुआ भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों के व्यवसायों, युवाओं और किसानों के लिए नए अवसर खोलेगा तथा वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगा।”

वहीं, अपने स्वागत भाषण में प्रधानमंत्री लक्सन ने भी भारत और न्यूजीलैंड के बीच गहरे और स्थायी संबंधों पर प्रकाश डाला तथा द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने और साझा समृद्धि को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों की साझा दृष्टि प्रस्तुत की। (इनपुट-एजेंसी)