ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुजरात के तीन दिवसीय दौरे के दौरान राज्य के लिए 48,330 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव हासिल किए हैं। इन निवेशों से ओडिशा में 67,838 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को गुजरात के वडोदरा में आयोजित ओडिशा इन्वेस्टर्स मीट रोडशो को संबोधित करते हुए कहा कि पश्चिमी भारत ने देश के औद्योगिक विकास का नेतृत्व किया है और अब विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए पूर्वी भारत के उभार की जरूरत है, जिसमें ओडिशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
उन्होंने “पूर्वोदय” विजन के तहत ओडिशा को पूर्वी भारत के विकास इंजन के रूप में प्रस्तुत करते हुए गुजरात के उद्योगपतियों से राज्य में निवेश बढ़ाने और औद्योगिक विकास के अगले चरण में भागीदार बनने का आह्वान किया।
गुजरात दौरे के दौरान धातु, रसायन, फार्मास्युटिकल, हरित ऊर्जा उपकरण, बुनियादी ढांचा, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, वस्त्र, सूचना प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर, पर्यटन, एयरोस्पेस, रक्षा, प्लास्टिक और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में निवेशकों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें हुईं।
ओडिशा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने किया। प्रतिनिधिमंडल में उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वैन मुख्य सचिव अनु गर्ग और अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा में प्रचुर प्राकृतिक संसाधन, आधुनिक बुनियादी ढांचा, बंदरगाह आधारित लॉजिस्टिक्स, स्थिर नीतियां और तेज परियोजना मंजूरी प्रणाली उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य अब केवल संसाधन आधारित अर्थव्यवस्था नहीं रहा, बल्कि वैल्यू एडेड मैन्युफैक्चरिंग और एडवांस इंडस्ट्रियल हब के रूप में तेजी से उभर रहा है।
उन्होंने स्वच्छ ऊर्जा निर्माण और रेलवे उपकरण निर्माण के क्षेत्र में ओडिशा की बढ़ती संभावनाओं पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री के अनुसार सोलर मॉड्यूल, इंजीनियरिंग, फैब्रिकेशन, व्हील और एक्सल निर्माण जैसे क्षेत्रों में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल को कुल 71 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए, जिनमें 8 समझौता ज्ञापन (MoU) और 63 निवेश आशय पत्र शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार GO-SWIFT सिंगल विंडो क्लीयरेंस सिस्टम और विशेष सहायता तंत्र के माध्यम से सभी परियोजनाओं को तेज और आसान मंजूरी उपलब्ध कराएगी। वडोदरा में आयोजित निवेशक सम्मेलन में 200 से अधिक उद्योगपति और संस्थागत प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
(इनपुट-आईएएनएस)


