Print

महाराष्ट्र में मानसून का कहर, तटीय जिलों में रेड अलर्ट

महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई। सबसे अधिक असर ठाणे, पालघर, रायगढ़, मुंबई उपनगर और पुणे में देखने को मिला। भारी बारिश के कारण कई जगहों पर अचानक बाढ़, नदियों का जलस्तर बढ़ने और मकान गिरने जैसी घटनाएं सामने आई हैं।

आंकड़ों के अनुसार, ठाणे में 196.9 मिमी, पालघर में 185.4 मिमी, रायगढ़ में 134.1 मिमी, मुंबई उपनगर में 125 मिमी और पुणे में 69.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।

लगातार बारिश के कारण राज्य की कई प्रमुख नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। इसके चलते निचले इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) ने महाराष्ट्र के पूरे समुद्री तट के लिए मध्यरात्रि तक रेड अलर्ट जारी किया है। समुद्र में ऊंची लहरें और तेज ज्वार आने की आशंका जताई गई है।

प्रशासन ने समुद्र के किनारे होने वाली सभी गतिविधियों पर रोक लगाने की सलाह दी है। मछुआरों और छोटी-बड़ी नौकाओं को समुद्र में नहीं जाने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि ऊंची लहरों और तटीय कटाव का खतरा बना हुआ है।

राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और लोगों से मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।

(इनपुटः एजेंसी)