प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं को वर्ष 2047 तक विकसित भारत की यात्रा में प्रेरक शक्ति के रूप में सशक्त बनाने के विजन के अनुरूप युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के तहत ‘मेरा युवा भारत (माय भारत)’ 6 जून 2026 को नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में ‘युवा विकसित भारत- माय भारत युवा सम्मेलन’ का आयोजन करेगा। दोपहर 12 बजे शुरू होने वाले इस सम्मेलन में देशभर से 6,000 से अधिक युवा भाग लेंगे। इनमें छात्र, युवा पेशेवर, युवा महिलाएं, उद्यमी, कंटेंट क्रिएटर्स, इनोवेटर्स, उभरते नेता और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाले युवा शामिल होंगे।
प्रमुख नेताओं और युवा प्रतिभाओं की मौजूदगी
कार्यक्रम में केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रख्यात नेता, विशिष्ट अतिथि और युवा व्यक्तित्व शामिल होंगे। यह सम्मेलन भारत के भविष्य के निर्माताओं और वर्तमान में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे युवाओं को एक मंच पर लाकर राष्ट्रीय विकास और सार्वजनिक नेतृत्व के प्रति साझा प्रतिबद्धता को मजबूत करेगा।
प्रेरक संवाद और सम्मान समारोह
सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें बीओएटी के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमन गुप्ता, ओलंपिक पदक विजेता अमन सहरावत, यूपीएससी अचीवर्स तथा राष्ट्रीय स्तर के लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर्स मल्हार कलांबे और आरजे रौनक सहित कई अन्य युवा प्रेरणास्रोत शामिल होंगे। कार्यक्रम में खेल, उद्यमिता, शासन और कंटेंट निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले उभरते युवा प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड उपलब्धि का भी होगा जश्न
माय भारत इस अवसर पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) क्विज के माध्यम से हासिल किए गए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का भी उत्सव मनाएगा। संस्था को “एक सप्ताह में ऑनलाइन क्विज में भाग लेने वाले सबसे अधिक उपयोगकर्ता” श्रेणी में यह रिकॉर्ड प्राप्त हुआ है। इस पहल में देश के सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 5 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया। आधिकारिक मूल्यांकन अवधि के दौरान 3,90,812 प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक क्विज पूरी कर नया विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया।
विकसित भारत के संकल्प को मिलेगा नया बल
माय भारत युवा सम्मेलन देश के युवाओं की आकांक्षाओं, उपलब्धियों और परिवर्तनकारी क्षमता का उत्सव होगा। भारत के विभिन्न हिस्सों से हजारों युवा परिवर्तनकर्ताओं को एक मंच पर लाकर यह सम्मेलन राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को और मजबूत करेगा। साथ ही यह विकसित, समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की निर्णायक भागीदारी को रेखांकित करेगा। (इनपुट: पीआईबी)


