दुनिया भर से मिली बधाइयों पर पीएम मोदी ने जताया आभार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर दुनिया भर के नेताओं से मिली शुभकामनाओं के लिए उनका आभार व्यक्त किया है। विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों ने इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की और कहा कि जनता का लगातार मिल रहा समर्थन उनके कार्यों और नीतियों में विश्वास को दर्शाता है।

सिंगापुर, गुयाना और अमेरिका के नेताओं को दिया धन्यवाद

सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग को धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि वह भारत-सिंगापुर व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने तथा द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं। वहीं, गुयाना के राष्ट्रपति इरफान अली को धन्यवाद देते हुए उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लोगों के लाभ के लिए सहयोग को आगे बढ़ाने की उम्मीद है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भी धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।

इजराइल, जर्मनी और इटली के नेताओं से संबंध मजबूत करने पर जोर

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की ओर से साझा किए गए वीडियो को रीपोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत-इजराइल मित्रता आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज को धन्यवाद देते हुए उन्होंने भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाने की बात कही। वहीं, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को धन्यवाद देते हुए उन्होंने भारत-इटली विशेष रणनीतिक साझेदारी में बनी गति को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई।

भूटान के प्रधानमंत्री का भी जताया आभार

प्रधानमंत्री मोदी ने भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे को धन्यवाद देते हुए कहा कि वह दोनों देशों के बीच विशेष और ऐतिहासिक संबंधों को बहुत महत्व देते हैं। इसके अलावा भी उन्होंने कई अन्य वैश्विक नेताओं का आभार जताते हुए कहा कि भारत अपने मित्र देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।

10 जून को बनाया था नया रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए। उन्होंने केंद्र सरकार के प्रमुख के रूप में 12 वर्ष पूरे किए और इस दौरान लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद संभालने वाले नेता के रूप में नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने जवाहरलाल नेहरू के लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। नेहरू का कार्यकाल 1952 से माना जाता है, क्योंकि उससे पहले 1947 से 1952 तक वह अंतरिम सरकार के प्रमुख थे और पहले आम चुनाव के बाद प्रधानमंत्री चुने गए थे।

लगातार तीसरे कार्यकाल में कई बड़े विकास कार्य

नरेंद्र मोदी पहली बार 2014 में प्रधानमंत्री बने, इसके बाद 2019 और 2024 में लगातार तीसरी बार जनादेश हासिल किया। उनके कार्यकाल में नया संसद भवन, सेंट्रल विस्टा परियोजना, कर्तव्य पथ, वंदे भारत ट्रेनें, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, आईएनएस विक्रांत, कश्मीर रेल लिंक, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नमो भारत आरआरटीएस और गंगा एक्सप्रेसवे जैसी कई प्रमुख विकास परियोजनाएं चर्चा में रहीं। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

37 mins ago | Artisan Livelihood

भारत ट्यूलिप से पारंपरिक कारीगरों के उत्पादों को मिला डिजिटल बाजार

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीस...

1 hour ago

33,660 करोड़ रुपए की भव्य योजना से बदलेगा भारत का विनिर्माण इकोसिस्टम

भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) 33,660 करोड़ रुपए की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में 100 प्लग-एंड-प...