ICMR-MINDS शोध परियोजना को ई-गवर्नेंस के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) की प्रमुख पहल ICMR-MINDS को राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस पुरस्कार में गोल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह परियोजना राष्ट्रीय स्वास्थ्य अनुसंधान प्राथमिकता (National Health Research Priority) के तहत चलाई जा रही है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ICMR-MINDS को 29वें राष्ट्रीय ई-गवर्नेंस सम्मेलन (NCeG) 2026 के दौरान ‘नागरिक केंद्रित सेवाओं के लिए AI और अन्य नई तकनीकों के उपयोग में नवाचार’ श्रेणी में यह सम्मान दिया गया।

यह सम्मेलन 1 और 2 जुलाई को जयपुर में आयोजित किया गया था।

केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने यह पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़, राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और DARPG सचिव निवेदिता शुक्ला वर्मा मौजूद रहे।

ICMR-MINDS मानसिक स्वास्थ्य और नशे से जुड़े विकारों की जांच और प्रबंधन को अन्य गैर-संचारी रोगों (NCDs) की स्वास्थ्य सेवाओं के साथ जोड़ने पर आधारित एक शोध परियोजना है।

इसका Clinical Decision Support System (CDSS) प्रशिक्षित गैर-विशेषज्ञ स्वास्थ्यकर्मियों को डिजिटल सहायता के जरिए मानसिक स्वास्थ्य की स्क्रीनिंग, जांच, फॉलोअप और नियमित प्रबंधन करने में सक्षम बनाता है।

इस प्लेटफॉर्म में डिजिटल स्क्रीनिंग, क्लिनिकल गाइडेंस, ऑफलाइन सुविधा, कई भाषाओं में उपलब्धता और उपयोगकर्ताओं को जोड़े रखने के लिए गेमिफाइड फीचर्स शामिल हैं।

इसके साथ ही रियल टाइम प्रशासनिक डैशबोर्ड के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी की जा सकती है, जिससे विशेषज्ञ डॉक्टरों पर निर्भरता कम होती है।

ICMR-MINDS की एक प्रमुख विशेषता इसका कंटिन्यूटी ऑफ केयर मॉडल है। इसके तहत मरीजों को जरूरत के अनुसार विशेषज्ञों के पास भेजा जा सकता है और स्थिति स्थिर होने के बाद वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में फॉलोअप उपचार प्राप्त कर सकते हैं।

इससे विशेषज्ञों के समय का बेहतर उपयोग होता है, फ्रंटलाइन स्वास्थ्यकर्मियों की क्षमता बढ़ती है, मरीजों के इलाज में निरंतरता आती है और बड़े अस्पतालों पर दबाव कम होता है।

-(इनपुटःएजेंसी)

RELATED ARTICLES