हर घर तिरंगा अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ लॉन्च, 15 अगस्त तक कर सकेंगे भागीदारी

हर घर तिरंगा अभियान और भारत के 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत युवा कार्य विभाग ने माय भारत पोर्टल पर ‘भारत का राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ 2026’ शुरू किया है। यह क्विज़ 15 अगस्त, 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, महत्व और उससे जुड़े संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाने की पहल

युवा कार्य विभाग के अनुसार, यह पहल पिछले वर्ष आयोजित राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ को मिली सफलता के आधार पर शुरू की गई है। इसके माध्यम से युवाओं को भारत के राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास, विकास, महत्व और गरिमा की जानकारी देने के साथ-साथ उनमें देशभक्ति, संवैधानिक मूल्यों और माय भारत मंच से जुड़ाव को बढ़ावा दिया जाएगा।

20 प्रश्न, 10 मिनट का समय

यह क्विज़ माय भारत पोर्टल के सभी पंजीकृत उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है। इसमें 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिन्हें 10 मिनट के भीतर पूरा करना होगा। क्विज़ भाषिणी के माध्यम से पोर्टल पर सभी भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। प्रत्येक पंजीकृत उपयोगकर्ता केवल एक बार इसमें भाग ले सकेगा। हर सही उत्तर पर एक अंक मिलेगा और गलत उत्तर पर कोई नकारात्मक अंक नहीं दिया जाएगा।

राष्ट्रीय ध्वज और संविधान से जुड़े होंगे प्रश्न

प्रतिभागियों से राष्ट्रीय ध्वज के इतिहास और विकास, तिरंगे से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों के योगदान, भारतीय ध्वज संहिता-2002, राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम-1971 और भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रश्न पूछे जाएंगे।

विजेताओं को मिलेगा सीमावर्ती क्षेत्रों के दौरे का मौका

क्विज़ पूरा करने वाले सभी पंजीकृत प्रतिभागियों को ई-प्रमाण पत्र मिलेगा। वहीं, 21 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र प्रतिभागियों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वालों का चयन कंप्यूटर आधारित रैंडम प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा। चयनित विजेताओं को भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों या अन्य उपयुक्त स्थानों के भ्रमण का अवसर दिया जाएगा।

15 अगस्त तक पोर्टल पर रहेगी उपलब्ध

युवा कार्य विभाग ने देशभर के युवाओं से बड़ी संख्या में इस क्विज़ में भाग लेने की अपील की है। विभाग का कहना है कि यह पहल डिजिटल शिक्षा को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने और युवाओं में सक्रिय एवं जागरूक नागरिकता की भावना विकसित करने का प्रयास है। राष्ट्रीय ध्वज क्विज़ 15 अगस्त, 2026 तक माय भारत पोर्टल (https://mybharat.gov.in/quiz/quiz_dashboard/UndZOTQ1S3FyU1BYSmVGZmkyaGRpZz09) पर उपलब्ध रहेगी। (इनपुट: पीआईबी)

RELATED ARTICLES

20 mins ago

33,660 करोड़ रुपए की भव्य योजना से बदलेगा भारत का विनिर्माण इकोसिस्टम

भारत औद्योगिक विकास योजना (भव्य) 33,660 करोड़ रुपए की एक पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में 100 प्लग-एंड-प...

1 hour ago

Cabinet: रेल कर्मचारियों के लिए दीपावली बोनस का ऐलान, 2 हजार करोड़ रुपए से अधिक होंगे खर्च 

पीएम मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट ने बुधवार को रेलवे कर्मचारियों के लिए बोनस का ऐलान...