राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 का वितरण समारोह बुधवार, 3 जून 2026 को नई दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। केंद्रीय पंचायती राज तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और केंद्रीय पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल देश भर की 42 उत्कृष्ट पंचायतों को सम्मानित करेंगे। समारोह में पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पंचायती राज संस्थानों के निर्वाचित प्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे।
42 उत्कृष्ट पंचायतों को मिलेगा सम्मान
समारोह में राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 के तहत चयनित 42 पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। ये पुरस्कार पंचायतों द्वारा सतत विकास, सुशासन और जनहित के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किए जा रहे हैं।
पहले भी दिए जा चुके हैं विशेष श्रेणी के पुरस्कार
इससे पहले 24 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन विशेष श्रेणियों के अंतर्गत राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार 2025 प्रदान किए थे। 3 जून 2026 को आयोजित होने वाले समारोह में शेष श्रेणियों के पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।
दो प्रमुख श्रेणियों में दिए जाएंगे पुरस्कार
समारोह में दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सतत विकास पुरस्कार श्रेणी के अंतर्गत 34 ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, नानाजी देशमुख सर्वोत्तम पंचायत सतत विकास पुरस्कार श्रेणी के अंतर्गत 8 पंचायतों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
ई-पुस्तक और सर्वोत्तम कार्य प्रणाली का संकलन होगा जारी
कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार प्राप्त पंचायतों के कार्यों और उनकी सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों को प्रलेखित करने वाली एक ई-पुस्तक जारी की जाएगी। इसके साथ ही देश भर में पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने वाली सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों पर आधारित एक विशेष संकलन भी जारी होगा।
पुरस्कार विजेता पंचायतों की प्रस्तुतियां भी होंगी
पुरस्कार वितरण समारोह से पहले आयोजित दो विशेष सत्रों में सम्मानित पंचायतों के प्रमुख अपनी उपलब्धियों और सर्वोत्तम कार्य प्रणालियों पर प्रस्तुति देंगे। इन सत्रों का उद्देश्य अन्य पंचायतों को प्रेरित करना और सफल मॉडलों को साझा करना है। (इनपुट: पीआईबी)


