ब्राजील यात्रा पर नौसेना प्रमुख, शीर्ष रक्षा एवं सैन्य नेतृत्व से करेंगे द्विपक्षीय वार्ताएं

नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी 9 दिसंबर से ब्राजील की आधिकारिक यात्रा पर हैं, जो 12 दिसंबर तक जारी रहेगी। नौसेना के अनुसार, इस दौरे का उद्देश्य भारतीय नौसेना और ब्राजीलियाई नौसेना के बीच मजबूत और निरंतर विकसित हो रहे समुद्री सहयोग को और सुदृढ़ करना है। यह समुद्री सहयोग भारत–ब्राजील रणनीतिक साझेदारी का एक अहम स्तंभ माना जाता है।

शीर्ष रक्षा एवं सैन्य नेतृत्व से महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ताएं

अपने प्रवास के दौरान, नौसेना प्रमुख ब्राजील के शीर्ष रक्षा एवं सैन्य नेतृत्व से महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ताएं करेंगे। वह ब्राजील के रक्षा मंत्री, ब्राजीलियाई सशस्त्र बलों के संयुक्त चीफ ऑफ स्टाफ तथा ब्राजीलियाई नौसेना के कमांडर एडमिरल मार्कोस से मुलाकात करेंगे। इन उच्चस्तरीय बैठकों में दोनों देशों के बीच जारी समुद्री सहयोग की समीक्षा की जाएगी और संचालन स्तर पर तालमेल को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी।

बहुपक्षीय ढांचों के तहत सहयोग जैसे मुद्दों पर विशेष फोकस

ब्राजील यात्रा के दौरान भविष्य के सहयोग के नए अवसरों की भी पहचान की जाएगी। नौसेना प्रमुख ब्राजीलियाई नौसेना के विभिन्न ऑपरेशनल कमांड, नौसैनिक अड्डों और जहाज निर्माण यार्डों का दौरा करेंगे, जिससे दोनों नौसेनाओं के बीच व्यावहारिक सहयोग, तकनीकी समझ और अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। बातचीत में साझा समुद्री प्राथमिकताओं, नौसैनिक अंतर-संचालन क्षमता, क्षमता निर्माण तथा बहुपक्षीय ढांचों के तहत सहयोग जैसे मुद्दों पर विशेष फोकस रहेगा।

नौसेना प्रमुख की यह यात्रा समुद्री सुरक्षा, पेशेवर आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण के लिहाज से महत्वपूर्ण

इसके साथ ही, व्यापक ‘दक्षिण–दक्षिण सहयोग’ के तहत समुद्री क्षेत्र में समन्वय को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। नौसेना प्रमुख की यह यात्रा समुद्री सुरक्षा, पेशेवर आदान-प्रदान और क्षमता निर्माण के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यह यात्रा ब्राजीलियाई नौसेना के साथ गहरे सहयोग के प्रति भारतीय नौसेना की प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित करती है। यह सहयोग वैश्विक समुद्री क्षेत्रों में स्थिरता, सुरक्षा और नियम आधारित व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में भी योगदान देगा।

रणनीतिक मुद्दों पर सार्थक वार्ता

उल्लेखनीय है कि इससे पहले एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने पिछले महीने अमेरिका की एक महत्वपूर्ण आधिकारिक यात्रा की थी। नौसेना के अनुसार, उस यात्रा का उद्देश्य भारतीय नौसेना और अमेरिकी नौसेना के बीच पहले से मजबूत समुद्री साझेदारी को और आगे बढ़ाना था। अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख ने वहां के युद्ध विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर अनेक रणनीतिक मुद्दों पर सार्थक वार्ता की थी। (इनपुट: आईएएनएस)