एनसीसी राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को नई दिल्ली के करियप्पा ग्राउंड में आयोजित राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) रैली में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए संगठन की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में अहम बताया।

कैडेट्स और अधिकारियों का किया अभिनंदन

प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह में मौजूद सभी एनसीसी कैडेट्स और अधिकारियों का अभिनंदन किया। उन्होंने मित्र देशों से आए कैडेट्स का भी स्वागत किया और उनकी भागीदारी को एनसीसी की वैश्विक पहचान का प्रतीक बताया।

महिला कैडेट्स की भागीदारी को बताया प्रेरणादायक

पीएम मोदी ने कहा कि इस बार रैली में बड़ी संख्या में महिला कैडेट्स की भागीदारी रही है। उन्होंने महिला कैडेट्स का विशेष रूप से अभिनंदन करते हुए कहा कि एनसीसी एक ऐसा संगठन और आंदोलन है, जो भारत की युवा शक्ति को आत्मविश्वासी, अनुशासित, संवेदनशील और राष्ट्र के लिए समर्पित नागरिक बनाता है।

एनसीसी कैडेट्स की संख्या में लगातार बढ़ोतरी

नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनसीसी कैडेट्स की भूमिका हर वर्ष और अधिक सशक्त हो रही है। बीते वर्षों में एनसीसी कैडेट्स की संख्या 14 लाख से बढ़कर 20 लाख तक पहुंच गई है। खासतौर पर सीमा क्षेत्रों और तटीय इलाकों में एनसीसी कैडेट्स की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

विरासत और राष्ट्रगौरव को जीवंत करता एनसीसी

पीएम मोदी ने कहा कि एनसीसी युवाओं का ऐसा मंच है, जहां अपनी विरासत को गौरव के साथ जिया जाता है। उन्होंने बताया कि एनसीसी ने इस वर्ष ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव पूरे देश में जोश और उत्साह के साथ मनाया।

परमवीर सागर यात्रा और द्वीप उत्सव का उल्लेख

प्रधानमंत्री ने परमवीर सागर यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ वर्ष पहले सरकार ने अंडमान-निकोबार के 21 द्वीपों के नाम परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखे थे। इस पहल के पीछे राष्ट्रनायकों को सम्मान देने की भावना थी, जिसे एनसीसी ने आगे बढ़ाया। उन्होंने लक्षद्वीप में आयोजित द्वीप उत्सव का भी जिक्र किया, जहां सागर, संस्कृति और प्रकृति को एक साथ मनाया गया।

इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य

नरेंद्र मोदी ने कहा कि एनसीसी ने इतिहास को केवल स्मारकों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे जन-जन के हृदय में जीवंत किया है। उन्होंने बाजीराव पेशवा की वीरता, महायोद्धा लसीतफॉर फुंकजी की कुशलता और भगवान बिरसा मुंडा के नेतृत्व को साइकिल रैलियों के माध्यम से जनचेतना से जोड़ने के प्रयासों की सराहना की।

युवाओं के लिए अवसरों का समय

प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने लालकिले से कहा था कि यही समय है, सही समय है। आज का दौर देश के युवाओं के लिए अवसरों से भरा हुआ है। सरकार का प्रयास है कि इस कालखंड का अधिकतम लाभ युवाओं को मिले।

फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से खुलेंगे नए अवसर

पीएम मोदी ने कहा कि भारत और यूरोप के बीच ऐतिहासिक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर सहमति बनी है। इससे पहले भारत ने ओमान, न्यूजीलैंड, ब्रिटेन, यूएई, ऑस्ट्रेलिया और मारीशस जैसे देशों के साथ भी फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किए हैं। उन्होंने कहा कि ये समझौते लाखों-करोड़ों युवाओं के लिए नए रोजगार और अवसर पैदा करेंगे। (इनपुट: आईएएनएस)