Print

रायपुर में इलेक्ट्रिक इंजनों के लिए बनेगी नई सुविधा, रेलवे ने ₹175 करोड़ की परियोजना को दी मंजूरी

भारतीय रेलवे ने इंजन रखरखाव ढांचे को मजबूत करने के लिए रायपुर में ₹175 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी है। इसके तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के हाई हॉर्स पावर डीजल शेड, रायपुर में 250 तीन-फेज इलेक्ट्रिक इंजनों के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

होमिंग का मतलब किसी इंजन को एक निर्धारित लोकोमोटिव शेड से जोड़ना होता है, जो उसके मुख्य रखरखाव केंद्र के रूप में काम करता है। इसी शेड में इंजन की नियमित जांच, मरम्मत, सुरक्षा निरीक्षण और रखरखाव किया जाता है, ताकि उसका सुरक्षित और बेहतर संचालन सुनिश्चित हो सके।

रेलवे के अनुसार, यह परियोजना इलेक्ट्रिक इंजनों की तेजी से बढ़ती संख्या और माल व यात्री सेवाओं के विस्तार को देखते हुए रखरखाव क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से मंजूर की गई है।

नई सुविधाओं के बनने से रायपुर डिपो में मौजूदा संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल हो सकेगा और भविष्य में नई तकनीकों तथा बढ़ते इंजन बेड़े की जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी।

रेलवे का कहना है कि यह कदम इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव नेटवर्क को मजबूत करने, संचालन क्षमता बढ़ाने और सुरक्षित रेल सेवाएं सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।

(इनपुटः पीआईबी)