हवाई यात्रा को दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाने के लिए नई हैंडबुक जारी

दिव्यांगजनों के लिए हवाई यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक बनाने के लिए विमानन क्षेत्र से जुड़े सभी कर्मचारियों को नियमित प्रशिक्षण और जागरूकता देना जरूरी है। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की अतिरिक्त सचिव मन्मीत कौर नंदा ने कहा कि केवल नियम और दिशानिर्देश बनाने से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करना भी आवश्यक है।

नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में 4 नवंबर को ‘सेंसिटाइजेशन एंड ट्रेनिंग हैंडबुक: फर्दर एडवांसिंग द एक्सेसिबिलिटी ऑफ इंडियाज एविएशन सर्विसेज’ का शुभारंभ किया गया। यह पुस्तिका दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सहयोग से तैयार कराई है। इसका उद्देश्य विमानन सेवाओं को अधिक समावेशी और यात्रियों के अनुकूल बनाना है।

इस अवसर पर मन्मीत कौर नंदा ने एक पैरा-एथलीट का उदाहरण देते हुए बताया कि एयरलाइन द्वारा व्हीलचेयर क्षतिग्रस्त किए जाने के कारण खिलाड़ी को मिस्र में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के दौरान टूटी हुई व्हीलचेयर से सफर करना पड़ा। इसके बावजूद उसने पदक जीता। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए एयरलाइंस, एयरपोर्ट संचालकों, सुरक्षा एजेंसियों, ग्राउंड स्टाफ और कस्टम एवं इमिग्रेशन अधिकारियों को नियमित प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।

उन्होंने दिव्यांगजनों की सभी 21 निर्दिष्ट श्रेणियों, जिनमें अदृश्य दिव्यांगताएं भी शामिल हैं, के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही एयरलाइंस और हवाई अड्डों के प्रदर्शन की निगरानी के लिए जवाबदेही तय करने, शिकायतों के समयबद्ध निपटारे और विशेष डैशबोर्ड बनाने की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों को सेवाओं के निर्माण और मूल्यांकन में सक्रिय भागीदार बनाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में पूर्व सचिव स्तुति कक्कड़ ने कहा कि सुगम्यता कोई दान नहीं, बल्कि मौलिक अधिकार है। उन्होंने सम्मान, स्वतंत्रता और समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए समावेशी परिवहन और यूनिवर्सल डिजाइन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

दिव्यांगजनों के मुख्य आयुक्त कार्यालय के आयुक्त एस. गोविंदराज ने कहा कि दिव्यांग यात्रियों को विमान में चढ़ने के साथ-साथ उतरते समय भी प्राथमिकता के आधार पर सहायता मिलनी चाहिए। वहीं, इंडिगो के प्रतीक सेन ने कहा कि बेहतर भौतिक सुविधाओं के साथ कर्मचारियों का उचित प्रशिक्षण और संवेदनशील व्यवहार भी जरूरी है।

यह पुस्तिका दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 के तहत 21 निर्दिष्ट दिव्यांगताओं वाले यात्रियों के अधिकारों और जरूरतों के बारे में विमानन कर्मचारियों को व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराएगी। इसमें यात्रियों की सहायता, सुरक्षा प्रक्रियाओं, सुगम संचार और हवाई यात्रा के विभिन्न चरणों में आने वाली बाधाओं की पहचान से जुड़े दिशा-निर्देश शामिल हैं।

कार्यक्रम में विभिन्न विमानन संस्थानों के प्रतिनिधियों और दिव्यांग यात्रियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। समार्थ्यम सेंटर फॉर यूनिवर्सल एक्सेसिबिलिटी की संस्थापक न्यासी डॉ. अंजली अग्रवाल ने कहा कि जागरूकता, क्षमता निर्माण और विभिन्न पक्षों के निरंतर सहयोग से ही सुगम्यता से जुड़े प्रयासों को संस्थागत स्तर पर लागू किया जा सकता है।

-(इनपुटः पीआईबी)

RELATED ARTICLES

17 mins ago | Assam Culture and Bihu Festival

भूपेन दा के गीतों में बसती है एक युग की चेतना, नाराज फूफाओं को भी सुनने चाहिए उनके गीत : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाषा, खान-पान, परिवेश और जीवन शैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन विकसित भारत के...

52 mins ago | Bhupen Hazarika 100th Birth Anniversary

नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत सुनने चाहिए, सद्बुद्धि आएगी : पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समाप...