प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर गुरुवार को पश्चिम बंगाल में अन्नपूर्णा योजना की नई किस्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जारी की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अन्नपूर्णा योजना बंगाल की माताओं-बहनों के लिए नया सामर्थ्य लेकर आई है और इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने योजना से लाभान्वित हर महिला को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
पीएम मोदी ने कहा, “घर में हमारी माताओं-बहनों के कंधों पर बहुत सारी जिम्मेदारियां होती हैं। अनेक छोटे-बड़े फैसलों के बीच एक महिला हर तरीके से परिवार का ख्याल रखती है। जब उनके पास जरूरी खर्चों की चिंता कम होती है, तो उनका आत्मविश्वास और बढ़ जाता है। अन्नपूर्णा योजना बंगाल की महिलाओं के आत्मविश्वास को मजबूती देने का ऐसा ही महत्वपूर्ण प्रयास है।”
हर महीने 3,000 रुपये सीधे बैंक खाते में
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि बंगाल की बहनों के बैंक खातों में हर महीने एक निश्चित राशि पहुंचेगी, जिसके लिए उन्हें किसी से कहना नहीं पड़ेगा। यह उनके लिए बहुत बड़ा संबल है। उन्होंने कहा, “आज करीब 1.5 करोड़ बहनों के खातों में अन्नपूर्णा योजना की चौथी किस्त पहुंच रही है यानी हर महीने 3,000 रुपये। ये किसी मां के लिए बच्चे की पढ़ाई का खर्च हो सकता है। किसी बहन के लिए दवा या घर की कोई जरूरी चीज खरीदने का सहारा हो सकता है। हमारी सोच है कि बंगाल की महिलाओं के पास फैसले की ताकत भी हो और आगे बढ़ने का हौसला भी हो।”
बिचौलिया-मुक्त और पारदर्शी व्यवस्था
पीएम मोदी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि एक भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए तेजी से काम हो रहा है। उन्होंने बताया, “सरकार बनने के कुछ ही दिनों के भीतर अन्नपूर्णा योजना पर काम शुरू हो गया था। आज कई महिलाओं को सीधे उनके बैंक खातों में वित्तीय सहायता मिल रही है। इसमें कोई बिचौलिया नहीं है और कोई ‘कट मनी’ नहीं है।”
महिलाओं के जीवन चक्र से जुड़ी योजनाएं
प्रधानमंत्री ने कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों के जीवन चक्र से जुड़ी हर समस्या का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता रही है। उन्होंने उल्लेख किया कि गर्भावस्था के दौरान शिशु को पौष्टिक आहार मिले, इसके लिए मातृ वंदना योजना चलाई गई। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के जरिए बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा पर जोर दिया गया। बेटी जब बड़ी होकर स्कूल जाने लगे तो स्कूलों में शौचालय न होने के कारण पढ़ाई न छूटे, इसके लिए करोड़ों शौचालय बनाए गए। सुकन्या समृद्धि योजना के माध्यम से बेटियों की शिक्षा के लिए बेहतर ब्याज उपलब्ध कराया गया। बेटियों के लिए सैनिक स्कूलों के द्वार खोले गए और बिना ब्याज मुद्रा योजना से उन्हें अपना काम शुरू करने का अवसर दिया गया।
अन्नपूर्णा योजना की मुख्य बातें
पश्चिम बंगाल सरकार की अन्नपूर्णा योजना के तहत 25 से 60 वर्ष की आयु की वे महिलाएं जो राज्य की स्थायी निवासी हैं, उन्हें हर महीने सीधे बैंक खाते में 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता डीबीटी के जरिए दी जाती है। पीएम मोदी के जन्मदिन पर पात्र महिलाओं के खातों में यह राशि भेजी गई है। (इनपुट-एजेंसी)


