भारत-नॉर्वे संबंधों को नई मजबूती: नॉर्वे ने पीएम मोदी को दिया सर्वोच्च नागरिक सम्मान

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नॉर्वे के सर्वोच्च सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द रॉयल नॉर्वेजियन ऑर्डर ऑफ मेरिट’ से सम्मानित किया गया। नॉर्वे ने सोमवार को प्रधानमंत्री मोदी को अपने सबसे बड़े नागरिक सम्मानों में शामिल इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा। यह पीएम मोदी को मिला 32वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है।

एक दिन पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्वीडन के सर्वोच्च सम्मान ‘रॉयल ऑर्डर ऑफ द पोलर स्टार’ (कमांडर ग्रैंड क्रॉस) से भी सम्मानित किया गया था।

नॉर्वे के प्रधानमंत्री के साथ हुई द्विपक्षीय बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनस गौर स्टोरा के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में अलग-अलग समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त संबोधन भी दिया। दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, हरित ऊर्जा और वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई।

भारतीय समुदाय ने किया गर्मजोशी से स्वागत

नॉर्वे में भारतीय समुदाय के लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर स्वागत कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने लिखा, “ओस्लो में आज भारतीय समुदाय द्वारा किए गए स्वागत कार्यक्रम में ‘रिदम्स ऑफ इंडिया’ की प्रस्तुति ने भारत की सांस्कृतिक विविधता की खूबसूरत झलक पेश की। सत्तरिया से भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी से ओडिसी, कथक से मोहिनीअट्टम तक, प्रत्येक नृत्य शैली में वर्षों की लगन, अनुशासन और उत्कृष्टता झलकती है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की संस्कृति को जीवंत और संजोए रखने के लिए प्रवासी भारतीयों पर देश को गर्व है।

छोटी बच्चियों ने दी शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति

पीएम मोदी ने एक अन्य पोस्ट में लिखा कि ओस्लो में स्वागत कार्यक्रम के दौरान नाट्यलय नृत्य विद्यालय के एक समूह ने भरतनाट्यम से संबंधित अलारिप्पू नृत्य प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह समूह लगभग तीन दशकों से नॉर्वे में भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को लोकप्रिय बनाने का कार्य कर रहा है और ऐसे प्रयास वास्तव में सराहनीय हैं।

भारतीय और पश्चिमी संगीत का दिखा संगम

प्रधानमंत्री के स्वागत में देसी और विदेशी कलाकारों की मंडली ‘आरती ओम जय जगदीश’ गाती नजर आई। पीएम मोदी ने इसे “संगीत, संस्कृति और साझा कलात्मक भावना के माध्यम से एकजुटता का सुंदर प्रतिबिंब” बताया। उन्होंने बैरेट ड्यू म्यूजिक इंस्टीट्यूट की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय और पश्चिमी शास्त्रीय परंपराओं का यह संगम बेहद भावपूर्ण था।

ओस्लो पहुंचने पर हुआ विशेष स्वागत

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ओस्लो पहुंचे, जहां हवाई अड्डे पर नॉर्वे के प्रधानमंत्री योनस गौर स्टोरा ने उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और नॉर्वे के बीच हुए समझौतों से दोनों देशों के साथ-साथ पूरे विश्व को लाभ मिलेगा। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

09/06/26 | 9:15 pm

फ्रांस और स्लोवाकिया जाएंगे पीएम मोदी, G-7 शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग

पीएम मोदी 13 से 19 जून तक फ्रांस, स्लोवाकिया और जी-7 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए यूरोप का दौरा ...

09/06/26 | 5:56 pm | Afghan Girls Out of School

अफगानिस्तान में शिक्षा संकट पर यूएन ने जताई च‍िंता, लाखों लड़कियां अब भी स्कूल से दूर

अफगानिस्तान में लगभग 38 लाख लड़कियों के स्कूल से बाहर रहने के कारण देश एक 'खोई हुई पीढ़ी' की ओर बढ़ ...