लॉजिस्टिक्स सेक्टर में रोजगार बढ़ाने हेतु हैदराबाद में नया ट्रेनिंग सेंटर लॉन्च

सरकार ने गुरुवार को हैदराबाद स्थित नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में सेंटर ऑफ लॉजिस्टिक्स ट्रेनिंग एक्सीलेंस की शुरुआत की। यह केंद्र ट्रक ड्राइविंग, वेयरहाउस संचालन और फोर्कलिफ्ट प्रबंधन के लिए सिमुलेशन लैब्स प्रदान करेगा, जिससे छात्रों को तकनीक आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण मिल सकेगा।

सरकार के अनुसार, यह केंद्र इंडस्ट्री 4.0 और आधुनिक सप्लाई चेन तकनीकों को प्रशिक्षण में शामिल करेगा, ताकि युवाओं को ऐसी स्किल्स दी जा सकें जो भविष्य की लॉजिस्टिक्स इंडस्ट्री की जरूरतों से मेल खाती हों।

कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय ने कहा कि यह पहल तेलंगाना के युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाएगी और क्षेत्र के लिए कुशल प्रतिभा तैयार करेगी।

केंद्र का उद्घाटन कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री और शिक्षा राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने किया। यह संस्था रेडिंगटन फाउंडेशन और लॉजिस्टिक्स सेक्टर स्किल काउंसिल के सहयोग से स्थापित की गई है।

चौधरी ने कहा कि भारत का लॉजिस्टिक्स सेक्टर राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति, पीएम गतिशक्ति और मल्टीमॉडल इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश की बदौलत तेज़ी से बढ़ रहा है। ऐसे में यह केंद्र भविष्य-रेडी वर्कफोर्स तैयार करने में अहम भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा, “ऑटोमेशन, डिजिटल सप्लाई चेन और नई मोबिलिटी मॉडल्स के दौर में कुशल मानव संसाधन भारत की प्रतिस्पर्धा बढ़ाने की रीढ़ होंगे। सरकार लाखों युवाओं को ऐसी क्षमताएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है जो देश की लॉजिस्टिक्स अर्थव्यवस्था को तेज़ और सशक्त बनाएं।”

इससे पहले जनवरी 2024 में चेन्नई में सेंटर ऑफ लॉजिस्टिक्स ट्रेनिंग फॉर एक्सीलेंस स्थापित किया गया था, जिसने AR/VR मॉड्यूल और इंडस्ट्री-ग्रेड सिमुलेटर्स के माध्यम से बेरोजगार युवाओं और कार्यरत पेशेवरों को प्रशिक्षण दिया।

रेडिंगटन लिमिटेड के ग्लोबल चीफ सस्टेनेबिलिटी ऑफिसर आर. वेंकटेश ने कहा कि हैदराबाद में नया केंद्र इस प्रतिबद्धता को और आगे बढ़ाएगा और विश्वस्तरीय डिजिटल प्रशिक्षण उपकरण उपलब्ध कराएगा।