न्यूज़ीलैंड के पीएम क्रिस्टोफर लक्सन बोले- भारत और न्यूज़ीलैंड ने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाया

न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने शनिवार को घोषणा की कि भारत और न्यूज़ीलैंड ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को रणनीतिक साझेदारी (Strategic Partnership) तक बढ़ाने पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि यह फैसला दोनों देशों के बीच सहयोग को नई दिशा देगा और भविष्य में संबंधों को और गहरा करने के लिए व्यापक ढांचा प्रदान करेगा। प्रधानमंत्री लक्सन ने ऑकलैंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान यह बात कही।

40 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री की यात्रा को बताया ऐतिहासिक

प्रधानमंत्री लक्सन ने कहा कि 40 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला न्यूज़ीलैंड दौरा दोनों देशों के संबंधों में ऐतिहासिक पड़ाव है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भारत यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया था और अब उन्हें न्यूज़ीलैंड में प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत कर खुशी हो रही है।

एफटीए से आगे बढ़कर व्यापक साझेदारी पर जोर

पीएम क्रिस्टोफर ने कहा कि दोनों देशों ने कम समय में मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर उल्लेखनीय प्रगति की है, लेकिन अब सहयोग केवल एफटीए तक सीमित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि रणनीतिक साझेदारी के जरिए दोनों देश रक्षा, व्यापार, निवेश और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को और व्यापक बनाएंगे।

रणनीतिक साझेदारी से मिलेगा मजबूत ढांचा

प्रधानमंत्री लक्सन ने कहा कि रणनीतिक साझेदारी दोनों देशों के रिश्तों को अधिक गहराई और स्पष्ट दिशा देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की व्यक्तिगत प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि भारत-न्यूज़ीलैंड संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

एफटीए से दोनों देशों को होगा आर्थिक लाभ

प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र के दो अलग-अलग छोर पर होने के बावजूद भौगोलिक दूरी भारत और न्यूज़ीलैंड के आर्थिक सहयोग में बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा कि एफटीए के लागू होने के पहले दिन से ही न्यूज़ीलैंड के भारत को होने वाले निर्यात पर 57% टैरिफ समाप्त हो जाएगा, जिससे दोनों देशों के व्यापार को नई गति मिलेगी।

कई अहम एमओयू पर हुआ आदान-प्रदान

ऑकलैंड में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की मौजूदगी में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री मोदी अपनी तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में शुक्रवार को न्यूज़ीलैंड पहुंचे थे। (इनपुट: आईएएनएस)