11 mins ago | IND vs NZ 4th ODI

Print

चौथे वनडे में न्यूजीलैंड ने भारत को दिया 334 रन का लक्ष्य, विल यंग ने जड़ा शतक

विल यंग के शानदार शतक और टिम सीफर्ट के अर्धशतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को बे ओवल में भारत के खिलाफ चौथे वनडे मुकाबले में निर्धारित 50 ओवर में 333 रन बनाए। भारत के सामने अब जीत के लिए 334 रन का लक्ष्य है।

भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। विल यंग ने 108 गेंदों में 125 रन की पारी खेली, जिसमें 14 चौके और चार छक्के शामिल रहे। वहीं, टिम सीफर्ट ने 48 गेंदों में 58 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के लगाए।

न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही। यंग और सीफर्ट ने पहले विकेट के लिए 85 रन जोड़े। गुरनूर बराड़ ने सीफर्ट को 58 रन के निजी स्कोर पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद निक केली चार रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर ईशान किशन के हाथों स्टंप आउट हुए।

विल यंग और फिन एलन की शानदार साझेदारी

यंग ने डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के साथ पारी को आगे बढ़ाया, लेकिन 125 के स्कोर पर औकिब नबी ने फॉक्सक्रॉफ्ट को आउट कर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए फिन एलन ने यंग का अच्छा साथ दिया। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 90 रन जोड़े।

एलन ने 30 गेंदों में 41 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल थे। अक्षर पटेल ने उन्हें रोहित शर्मा के हाथों कैच कराकर इस साझेदारी का अंत किया। इस बीच यंग ने 88 गेंदों में अपना पांचवां वनडे शतक पूरा किया। भारत के खिलाफ यह उनका पहला वनडे शतक था।

यंग ने 108 गेंदों में 125 रन बनाए। नमन धीर ने उन्हें आउट किया। सब्स्टीट्यूट फील्डर कुमार कुशाग्र ने डीप मिडविकेट पर उनका शानदार कैच पकड़ा। यंग के आउट होने के समय न्यूजीलैंड का स्कोर 256 रन था।

अंतिम ओवरों में न्यूजीलैंड ने तेजी से बनाए रन

यंग के आउट होने के बाद गुरनूर बराड़ ने माइकल ब्रेसवेल को 15 रन के स्कोर पर पवेलियन भेजा। इसके बाद कप्तान मिचेल सैंटनर और क्रिस्टियन क्लार्क ने पारी को संभालने की कोशिश की। सैंटनर ने 29 गेंदों में 24 रन बनाए, लेकिन अर्शदीप सिंह ने उन्हें ईशान किशन के हाथों कैच करा दिया।

क्रिस्टियन क्लार्क ने 22 रन का योगदान दिया। उन्हें औकिब नबी ने आउट किया। वहीं, काइल जैमीसन 19 रन बनाकर नाबाद रहे। मैट हेनरी ने पारी की आखिरी गेंद से पहले अपना विकेट गंवाया, जबकि मैथ्यू फिशर रन आउट हुए।

भारत की ओर से अक्षर पटेल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 10 ओवर में 39 रन देकर दो विकेट लिए। औकिब नबी ने 59 रन देकर दो और गुरनूर बराड़ ने 69 रन देकर दो विकेट हासिल किए। अर्शदीप सिंह और नमन धीर को एक-एक सफलता मिली। (इनपुट- एएनआई)