Print

पहलगाम आतंकी हमले की जांच में NIA ने जनता से मांगी मदद, फोटो-वीडियो साझा करने की अपील

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने आज बुधवार को एक सार्वजनिक अपील जारी करते हुए देश के नागरिकों, पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और गवाहों से जांच में मदद मांगी है। NIA ने आग्रह किया है कि वे 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले से जुड़ी कोई भी जानकारी, फोटो या वीडियो हो तो उसे एजेंसी के साथ साझा करें। NIA ने बताया कि अब तक उसे हमले से जुड़ी कई तस्वीरें और वीडियो प्राप्त हुए हैं, जिन्हें एजेंसी जांच रही है। इसके बावजूद, एजेंसी ने जांच को और गहराई से आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है ताकि किसी भी साक्ष्य या महत्वपूर्ण जानकारी को नजरअंदाज न किया जाए।

NIA ने बताया कि जानकारी साझा करने के लिए लोग मोबाइल नंबर 9654958816 या लैंडलाइन नंबर 011-24368800 पर कॉल करें। कॉल करने वालों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी और वे क्या इनपुट देना चाहते हैं, यह भी बताना होगा। इसके बाद एक वरिष्ठ अधिकारी उनसे संपर्क करेगा और जरूरी जानकारी, फोटो या वीडियो इकट्ठा करेगा।

NIA के मुताबिक, पर्यटकों और स्थानीय लोगों के पास अनजाने में भी ऐसी कोई जानकारी या दृश्य हो सकते हैं जो हमलावरों की पहचान और हमले की साजिश का खुलासा करने में मदद कर सकते हैं। कई ऐसे वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी सामने आई हैं जो 22 अप्रैल को हुए हमले के दौरान ली गई थीं, जिसमें 26 पर्यटकों की जान गई और कई अन्य घायल हुए थे।

NIA की टीमें इस समय पहलगाम में तैनात हैं और घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर रही हैं। साथ ही चश्मदीद गवाहों से पूछताछ की जा रही है ताकि हमले से जुड़ी हर कड़ी को जोड़ा जा सके। एजेंसी इस बात को सुनिश्चित करना चाहती है कि हमले के पीछे की साजिश और आतंकी नेटवर्क का पूरी तरह से पर्दाफाश हो सके।