04/12/25 | 4:19 pm

Print

नीतीश ने विधानसभा में बिहार के विकास का किया दावा, पीएम मोदी के सहयोग के लिए किया नमन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को विधानसभा में एनडीए सरकार द्वारा किए गए कार्यों का ब्यौरा पेश करते हुए और भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा रखते हुए कहा कि पिछले 20 वर्षों में बिहार में काफी विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने बिहार के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं

इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम मोदी ने बिहार के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। उन्होंने सभी सदस्यों से हाथ उठाकर प्रधानमंत्री को नमन करने का आग्रह किया। सत्ता पक्ष के सदस्यों ने ऐसा किया, जबकि विपक्ष शांत बैठा रहा। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने बिहार में सबके लिए काम किया है, आपके लिए भी किया है। सभी लोग नमन कीजिए।”

जनता ने हालिया विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया

राज्यपाल के अभिभाषण पर हुई चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता ने हालिया विधानसभा चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और एनडीए को भारी बहुमत से विजय दिलाई। उन्होंने जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह विजय सिर्फ राजनीतिक नहीं, बल्कि विकास, शांति और भाईचारे की जीत है।

बिहार के विकास में केंद्र सरकार का बड़ा योगदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का बड़ा योगदान रहा है। केंद्रीय बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन और बाढ़ नियंत्रण से जुड़ी परियोजनाओं के लिए बड़ी राशि का प्रावधान किया गया है। बजट में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना और पश्चिमी कोशी नहर परियोजना के लिए वित्तीय सहायता की भी घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री ने महिला रोजगार योजना के तहत एक करोड़ 56 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपए की सहायता दी गई है

उन्होंने पिछले 20 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए गए सुधारों का उल्लेख किया। कृषि क्षेत्र की प्रगति पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में 2008 से कृषि रोड मैप के आधार पर काम किया जा रहा है। मछली उत्पादन ढाई गुना से अधिक बढ़ चुका है और बिहार अब इस क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो गया है। मुख्यमंत्री ने महिला रोजगार योजना का भी उल्लेख किया, जिसके तहत एक करोड़ 56 लाख महिलाओं को 10-10 हजार रुपए की सहायता दी गई है।

सरकार पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ बिहार को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध

राज्यपाल के अभिभाषण का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें सरकार के विकास कार्यों का स्पष्ट और सटीक चित्रण किया गया है। उन्होंने कहा कि अभिभाषण में जो बातें कही गई हैं, वे जमीनी हकीकत को दर्शाती हैं। सरकार पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ बिहार को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में बिहार तेजी से विकास करेगा। (इनपुट : आईएएनएस)