Nvidia के CEO जेंसन हुआंग ने कहा है कि AI कंपनियों को प्रतिस्पर्धा-विरोधी कानूनों (Antitrust) या उत्पाद से जुड़ी कानूनी जिम्मेदारी से छूट नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि AI कंपनियों को मौजूदा नियमों से राहत मांगने के बजाय अपने उत्पादों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा कि AI कंपनियों की जिम्मेदारी है कि वे अपने उत्पादों का परीक्षण करें और मॉडल को तभी जारी करें, जब उन्हें उसकी सुरक्षा को लेकर पर्याप्त भरोसा हो। हालांकि, उन्होंने AI कंपनियों को Antitrust या उत्पाद दायित्व से जुड़ी मौजूदा कानूनी व्यवस्था से छूट देने का विरोध किया।
हुआंग की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब AI कंपनियों के बीच सुरक्षा को लेकर नियामकीय व्यवस्था पर चर्चा चल रही है। Anthropic के CEO डारियो अमोडेई ने इस महीने एक लेख में AI कंपनियों को सुरक्षा से जुड़े मामलों में साथ काम करने के लिए Antitrust से छूट देने की मांग की थी। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी कहा है कि कुछ AI कंपनियों ने कानूनी दायित्व से सुरक्षा की मांग की है, हालांकि उन्होंने किसी कंपनी का नाम नहीं बताया।
हुआंग ने यह भी स्पष्ट किया कि वह AI के इस्तेमाल वाले खास उत्पादों के लिए नियम बनाने के खिलाफ नहीं हैं। उन्होंने स्वचालित वाहनों और रोबोट टैक्सी का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर मौजूदा नियम पर्याप्त नहीं हैं, तो अमेरिकी राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात सुरक्षा प्रशासन (NHTSA) को जरूरत के मुताबिक नए नियम बनाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि AI से जुड़े हर क्षेत्र के लिए एक समान व्यापक छूट देने के बजाय, जिस उत्पाद या क्षेत्र में जरूरत हो, वहां उसके अनुसार नियम बनाए जा सकते हैं।
-(इनपुटः Reuters)


