वनडे सीरीज : पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 7 विकेट से हराया

ऑस्ट्रेलिया और भारत के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 7 विकेट से हराया। डकवर्थ-लुईस नियम के अनुसार ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 131 रन का लक्ष्य मिला। कप्तान मिशेल मार्श ने नाबाद 46 रन बनाए और टीम ने 21.1 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत थोड़ी कमजोर रही। टीम ने ट्रेविस हेड (8 रन) और मैट शॉर्ट (8 रन) के विकेट जल्दी गंवा दिए। लेकिन इसके बाद मार्श और विकेटकीपर जोश फिलीप ने तीसरे विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी कर जीत की राह आसान बनाई। जोश फिलीप ने 29 गेंद पर 2 छक्के और 3 चौकों की मदद से 37 रन बनाए। रेनशॉ ने 24 गेंद पर 21 रन बनाकर नाबाद रहे। मार्श ने 52 गेंद में 3 छक्के और 2 चौकों के साथ नाबाद 46 रन बनाए।

भारत की तरफ से अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर ने 1-1 विकेट लिए। भारत की शुरुआत टॉस हारकर बल्लेबाजी से हुई। टीम ने बारिश की वजह से 50 ओवर की बजाय 26 ओवर खेलते हुए 9 विकेट पर 136 रन बनाए। लगभग सात महीने बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लौटे रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही जल्दी आउट हो गए। रोहित शर्मा 14 गेंद पर 8 रन बनाकर आउट हुए और विराट कोहली 8 गेंद पर बिना खाता खोले आउट हुए।

केएल राहुल ने 31 गेंद पर 2 छक्के और 2 चौकों की मदद से 38 रन बनाए। अक्षर पटेल ने 38 गेंद पर 31 रन बनाए। इन दोनों की वजह से ही भारत 136 रन तक पहुंच पाया। श्रेयस अय्यर 11 और वाशिंगटन सुंदर 10 रन बनाकर आउट हुए। नितीश कुमार रेड्डी ने 11 गेंद में 2 छक्के की मदद से नाबाद 19 रन बनाए।ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्टार्क और नाथ एलिस ने 1-1 विकेट लिए, जबकि जोश हेजलवुड, मिचेल ओवेन और मैथ्यू कुन्हमैन ने 2-2 विकेट झटके।-(IANS)