चारधाम यात्रा 2026: हरिद्वार में ऑफलाइन पंजीकरण शुरू

उत्तराखंड की प्रसिद्ध चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार से हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में स्थापित ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र पर तीर्थयात्रियों का पंजीकरण विधिवत रूप से शुरू हो गया है। यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने इस केंद्र पर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। 

यात्रियों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य परीक्षण की जारी सुनिश्चित

पंजीकरण के साथ-साथ बैठने की व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा और स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम यात्रियों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है।

पहला पंजीकरण मध्य प्रदेश के शहडोल से 

सबसे पहले पंजीकरण का गौरव मध्य प्रदेश के शहडोल जनपद से आए सात सदस्यीय परिवार को मिला। इस दल में बिसाहू लाल विश्वकर्मा, मुन्नी विश्वकर्मा, प्यारेलाल विश्वकर्मा, रामदीन प्रजापति, दशरथ प्रजापति, शांति प्रजापति और पार्वती प्रजापति शामिल हैं।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तीर्थयात्रियों का पारंपरिक अंदाज में फूलमालाओं और टीका-चंदन से स्वागत किया। अधिकारियों ने उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की।

पंजीकरण केंद्र पर विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पहुंच रहे श्रद्धालु 

पंजीकरण केंद्र पर विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और उत्साह के साथ अपना पंजीकरण करा रहे हैं।इस मौके पर अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। (इनपुट-एजेंसी)