अमेरिका-ईरान वार्ता की उम्मीद से तेल कीमतों में गिरावट, ब्रेंट 95 डॉलर से नीचे

अमेरिका और ईरान के बीच संभावित वार्ता की उम्मीदों के बीच बुधवार को वैश्विक तेल कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। निवेशकों का भरोसा उस समय बढ़ा जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका, इजराइल और ईरान से जुड़े मौजूदा संघर्ष को खत्म करने के लिए अगले दो दिनों में बातचीत फिर से शुरू हो सकती है, जो संभवतः पाकिस्तान में हो सकती है।

यह घटनाक्रम सप्ताहांत में बातचीत विफल होने के बाद सामने आया है, जिसके चलते अमेरिका ने ईरानी बंदरगाहों पर नाकेबंदी कर दी थी। इससे होर्मुज जलडमरूमध्य बंद होने के कारण तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई थी।

हालांकि, वार्ता दोबारा शुरू होने की उम्मीद के बीच वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 95 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गईं। ब्रेंट क्रूड मंगलवार के सत्र में गिरकर 94.42 डॉलर प्रति बैरल के निचले स्तर तक पहुंच गया, जबकि दिन के दौरान इसका उच्चतम स्तर 99.45 डॉलर रहा। सत्र की शुरुआत करीब 97 डॉलर के स्तर पर हुई थी।

इसी तरह, अमेरिकी बेंचमार्क WTI क्रूड भी गिरावट के साथ 87.08 डॉलर प्रति बैरल तक फिसल गया। हालांकि कारोबार के अंत में यह करीब 90 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर स्थिर हुआ।

तेल कीमतों में गिरावट का रुख पहले ही शुरू हो गया था, जब रिपोर्ट्स में कहा गया कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इजराइल और लेबनान आगे बातचीत के लिए तैयार हैं। इसके अलावा, ट्रंप के इस बयान कि “अगले कुछ दिनों में कुछ हो सकता है”, ने कूटनीतिक प्रगति की उम्मीदों को और मजबूत किया।

बुधवार के शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड 94.66 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा, जो पिछले बंद 95.13 डॉलर से कम है। वहीं, WTI क्रूड 90.65 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा, जो इसके पिछले बंद 91.28 डॉलर से नीचे है।

(इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

58 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...