प्रतिक्रिया | Monday, May 05, 2025

  • Twitter
  • Facebook
  • YouTube
  • Instagram

ओम बिरला ने जापानी स्पीकर से की मुलाकात, जापान ने आतंकवाद के खिलाफ दिखाई एकजुटता

लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला और जापान के हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के स्पीकर फुकुशिरो नुकागा के बीच बीते शुक्रवार को संसद भवन में द्विपक्षीय वार्ता हुई। इस दौरान जापानी स्पीकर ने हाल ही में हुए पहलगाम आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए भारत के साथ एकजुटता दिखाई और आतंकवाद के खिलाफ हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि आतंकवाद एक वैश्विक चुनौती है और उसका मुकाबला करने के लिए दुनिया के सभी लोकतांत्रिक देशों को एकजुट होना पड़ेगा।

बिरला ने कहा कि भारत और जापान की दोस्ती आज वैश्विक शांति, समृद्धि और स्थिरता के लिए बेहद जरूरी बन गई है। दोनों देशों की साझा चिंताएं और सोच क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर मेल खाती हैं। उन्होंने बताया कि भारत और जापान QUAD, G20 और इंटरनेशनल सोलर एलायंस जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोगी हैं। उन्होंने कहा कि पारस्परिक समझ पर आधारित भारत-जापान संबंध इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की शांति और स्थिरता के लिहाज़ से भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और अब यह मित्रता रणनीतिक और वैश्विक सहयोग में परिवर्तित हो चुकी है।

लोक सभा अध्यक्ष ने भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक, पारंपरिक और आध्यात्मिक विरासत को साझा बताते हुए कहा कि हर साल बड़ी संख्या में जापानी पर्यटक और तीर्थयात्री भारत आते हैं और बौद्ध धर्म से जुड़े स्थलों का भ्रमण करते हैं, जिससे दोनों देशों के बीच जनसंपर्क मजबूत हुआ है। उन्होंने जापान की उस योजना का स्वागत किया जिसके तहत 50,000 से अधिक कुशल भारतीय मानव संसाधनों को जापान में अवसर दिए जाएंगे और साथ ही भारतीय छात्रों के लिए अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए जापान की सराहना की।

बिरला ने पूर्वोत्तर भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के लिए जापान के सहयोग पर भी आभार जताया। उन्होंने बताया कि भारत ने पिछले वर्ष संविधान निर्माण की 75वीं वर्षगांठ मनाई है और इसी संविधान के मार्गदर्शन में भारत ने व्यापक सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन किए हैं। उन्होंने कहा कि संसद ने वंचित वर्गों के लिए कल्याणकारी कानून बनाए और कार्यपालिका ने इन्हें प्रभावी रूप से लागू कर सामाजिक समावेशन सुनिश्चित किया।

डिजिटल प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग से भारतीय संसद की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जन-सुलभ और दक्ष बनाया गया है। बिरला ने जापानी संसद के साथ इन सकारात्मक अनुभवों को साझा करने की भी इच्छा जताई। इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, सांसद संजय झा, भर्तृहरि महताब, दीपेन्द्र सिंह हुड्डा और कमलजीत सहरावत भी उपस्थित रहे।

 

 

 

आगंतुकों: 25441564
आखरी अपडेट: 5th May 2025