प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुरुवार को सिक्किम के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे। वे ‘सिक्किम@50: जहां प्रगति उद्देश्य से मिलती है और प्रकृति विकास को बढ़ावा देती है’ कार्यक्रम में भाग लेंगे। वह सिक्किम में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे और इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है सिक्किम
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत के लिए सिक्किम राज्य पूरी तरह तैयार है। राजधानी गंगटोक को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। राजधानी की सभी प्रमुख एवं छोटी सड़कें साफ कर दोनों तरफ देश का राष्ट्रीय ध्वज एवं फूल लगाकर सजाया गया है। सड़क की दीवारों को भी भित्ति चित्रों से आकर्षक बनाया गया है। जगह-जगह होर्डिंग्स और बोर्ड लगाकर प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी की गई है।
21 जातियां अपने पारंपरिक परिधानों में सजकर पीएम मोदी का करेंगी स्वागत
इसे लेकर सिक्किम के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव जैकब खालिंग ने संवाददाताओं को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुरुवार को सेना के हेलीपैड से राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के रास्ते देवराली, पानी हाउस, गंगटोक, हस्पिटल डांडा, रांका टैक्सी स्टैंड होते हुए कार्यक्रम स्थल पाल्जोर स्टेडियम पहुंचेंगे। इस दौरान सिक्किम की 21 जातियां अपने पारंपरिक परिधानों में सजकर और अपने पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाते हुए विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करेंगी।
लेप्चा, भोटिया और नेपाली की सांस्कृतिक झलक का होगा प्रस्तुती कार्यक्रम
उन्होंने बताया कि पाल्जोर स्टेडियम में सिक्किम के तीन मूल निवासियों लेप्चा, भोटिया और नेपाली सहित देश के विभिन्न समुदायों की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत करने का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग इस समारोह में स्वागत भाषण देंगे, जबकि प्रधानमंत्री मोदी का भाषण मुख्य समारोह होगा। उन्होंने कहा कि सिक्किम प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार है और सिक्किम के लोग भी उत्साहित हैं।
प्रधानमंत्री के आगमन के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंध
वहीं गंगटोक जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तेंजिंग लोडेन लेप्चा ने प्रधानमंत्री के आगमन के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी दी और बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम पूर्व निर्धारित समय से एक घंटा पहले होगा। प्रधानमंत्री सुबह 9:05 बजे बागडुगरा हवाई अड्डे से सिक्किम के लिए रवाना होंगे और 9:45 बजे लिबिंग स्थित सेना के हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री 10 बजे पाल्जोर स्टेडियम पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुबह 11:30 बजे तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुबह 11:30 बजे से 11:45 बजे तक क्लोज डोर मीटिंग करेंगे और दोपहर 12 बजे पश्चिम बंगाल के अलीपुर होते हुए रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि सुबह आठ बजे से गंगटोक की सभी सड़कों को ग्रीन कॉरिडोर घोषित कर दिया जाएगा और वाहनों की आवाजाही रोक दी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि गंगटोक क्षेत्र में सभी शैक्षणिक संस्थान और कार्यालय कल बंद रहेंगे। उन्होंने लोगों से कार्यक्रम स्थल पर सुबह 8 बजे से पहले पहुंचने का आह्वान किया।
पीएम मोदी सिक्किम में कई विकास परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन
प्रधानमंत्री सिक्किम में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे। इन परियोजनाओं में नामची जिले में 750 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से 500 बिस्तरों वाला नया जिला अस्पताल, ग्यालशिंग जिले के पेलिंग के सांगाचोलिंग में यात्री रोपवे, गंगटोक जिले के सांगखोला में अटल अमृत उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की प्रतिमा आदि शामिल हैं।
सिक्किम के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे पीएम
प्रधानमंत्री राज्य स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे। सिक्किम सरकार ने घोषणा की है कि वह इस ऐतिहासिक अवसर के उपलक्ष्य में एक वर्ष तक उत्सव का आयोजन करेगी। राज्य सरकार ने सिक्किम की सांस्कृतिक समृद्धि, परंपरा और प्राकृतिक वैभव का उत्सव मनाने के लिए “सुनौलो, समृद्ध एवं समर्थ सिक्किम” थीम के अंतर्गत साल भर चलने वाले कई कार्यक्रमों की योजना बनाई है।
उल्लेखनीय है कि सिक्किम, भारतीय संघ का एक छोटा सा राज्य है जो विशाल हिमालय की तलहटी में बसा हुआ है। अपनी सांस्कृतिक विविधता और रहस्यमय प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाने वाला सिक्किम इस साल राज्य बनने के 50 साल पूरे होने का जश्न मना रहा है। यह स्वर्णिम मील का पत्थर सिक्किम और उसके लोगों की समृद्ध संस्कृति, विविध विरासत और गहरी जड़ों वाली परंपराओं का सम्मान करता है।


