हर साल 10 अगस्त को मनाए जाने वाले ‘विश्व शेर दिवस’ पर सोमवार को देशभर में वन्यजीव संरक्षण का संदेश गूंजा। शेरों की घटती आबादी और उनके आवास की सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी कर शुभकामनाएं दीं और संरक्षण का आह्वान किया।
योगी आदित्यनाथ: शेर सिर्फ प्रजाति नहीं, जैव-विविधता की रक्षा है
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, “शक्ति, शौर्य और स्वाभिमान के प्रतीक ‘शेर’ का संरक्षण केवल एक वन्यजीव प्रजाति की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी समृद्ध जैव-विविधता और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने की एक समग्र दृष्टि है।”
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण और पारिस्थितिकी संतुलन के प्रति लगातार प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी से प्रकृति के इस प्रहरी के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित और समृद्ध धरा विरासत में मिल सके।
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता: जनभागीदारी को मजबूत बनाने का आह्वान
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने लिखा, “शेर भारत की समृद्ध जैव विविधता और वन्यजीव विरासत का गौरव हैं। विश्व शेर दिवस पर आइए, प्रकृति के इस अद्भुत प्रहरी के संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को और मजबूत करें तथा ऐसा वातावरण बनाएं, जहां वन्यजीव और प्रकृति दोनों सुरक्षित एवं समृद्ध रहें।” उन्होंने सभी वन्यजीव प्रेमियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखंड और राजस्थान के सीएम ने भी दिया संरक्षण का संदेश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, “समस्त वन्यजीव प्रेमियों को विश्व शेर दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। शेर प्रकृति के संतुलन और वन्यजीव संरक्षण के महत्व का प्रतीक हैं। आइए, इस अवसर पर हम सभी वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने, उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण और जैव विविधता को सुरक्षित रखने का संकल्प लें।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने लिखा, “समस्त प्रदेशवासियों को ‘विश्व शेर दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। शेर हमारी समृद्ध जैव विविधता, प्राकृतिक संतुलन और वन्यजीव विरासत का महत्वपूर्ण आधार हैं। आइए, इनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित प्राकृतिक धरोहर के निर्माण का संकल्प लें।”
क्यों मनाया जाता है विश्व शेर दिवस?
विश्व शेर दिवस का मकसद शेरों की घटती संख्या के प्रति लोगों को जागरूक करना और उनके संरक्षण के प्रयासों को बढ़ावा देना है। इस मौके पर देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों द्वारा जारी संदेशों से वन्यजीव संरक्षण की दिशा में जन-जागरूकता बढ़ाने की कोशिश साफ झलकती है। (इनपुट-एजेंसी)


