भारत और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ (ईएफटीए) के बीच व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते (टीईपीए) के लागू होने का एक साल पूरा हो गया है। इस मौके पर दोनों पक्षों ने व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने तथा कारोबार में आ रही अड़चनों को दूर करने के लिए एक विशेष समूह गठित करने पर सहमति जताई है। विदेश मंत्रालय में सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि यह समूह व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों की पहचान कर उनके समाधान के उपायों पर चर्चा करेगा। उन्होंने कहा कि टीईपीए के तहत दोनों पक्षों की प्रतिबद्धताओं के क्रियान्वयन में पिछले एक साल के दौरान प्रगति हुई है।
व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने पर जोर
सिबी जॉर्ज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन के बीच हुई बातचीत में टीईपीए के तहत चल रहे सहयोग के पूरे दायरे पर चर्चा हुई। इससे समझौते में शामिल प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों ने एक विशेष समूह गठित करने पर सहमति जताई है, जो व्यापार और निवेश को और बढ़ावा देने के साथ ही दोनों पक्षों के बीच मौजूद किसी भी अड़चन को दूर करने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेगा।
अक्टूबर 2025 में लागू हुआ था समझौता
भारत-ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते पर मार्च 2024 में हस्ताक्षर हुए थे और यह 1 अक्टूबर 2025 को लागू हुआ। ईएफटीए में स्विट्जरलैंड, नॉर्वे, आइसलैंड और लिकटेंस्टीन शामिल हैं। विदेश मंत्रालय के सचिव ने कहा कि समझौते के लागू होने के बाद पिछले एक साल में इसके तहत की गई प्रतिबद्धताओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
7 अक्टूबर को प्रॉस्पेरिटी समिट में शामिल होंगे परमेलिन
सिबी जॉर्ज ने बताया कि स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ परमेलिन 7 अक्टूबर को आयोजित होने वाले प्रॉस्पेरिटी समिट में भी हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन भारत-ईएफटीए समझौते के लागू होने की पहली वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रॉस्पेरिटी समिट भारत और ईएफटीए देशों के नीति-निर्माताओं तथा कारोबारी जगत को एक मंच पर लाने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
टीईपीए को अंतिम रूप देने में परमेलिन की अहम भूमिका
सिबी जॉर्ज ने कहा कि परमेलिन ने स्विट्जरलैंड के फेडरल काउंसलर फॉर इकोनॉमिक अफेयर्स, एजुकेशन एंड रिसर्च के रूप में टीईपीए की बातचीत और उसे अंतिम रूप देने में व्यक्तिगत रूप से योगदान दिया था। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदा भारत यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापक आर्थिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
विज्ञान और अंतरिक्ष सहयोग भी साझेदारी का अहम हिस्सा
सिबी जॉर्ज ने कहा कि भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक संबंधों के साथ विज्ञान और अंतरिक्ष के क्षेत्र में भी सहयोग का लंबा इतिहास रहा है। स्विट्जरलैंड यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी के कार्यक्रमों का हिस्सा है और दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय स्तर पर भी अंतरिक्ष सहयोग को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने बताया कि स्विट्जरलैंड के शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार राज्य सचिव ने 2024 में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) का दौरा किया था।
व्यापार से विज्ञान और नवाचार तक रिश्ते विस्तार पर जोर
भारत और स्विट्जरलैंड के मौजूदा सहयोग को देखते हुए दोनों पक्ष अब व्यापार के साथ विज्ञान, तकनीक और नवाचार तक द्विपक्षीय रिश्तों को व्यापक बनाने पर जोर दे रहे हैं। परमेलिन की भारत यात्रा के दौरान माइग्रेशन और मोबिलिटी, युवा पेशेवरों के आदान-प्रदान, परिवहन तकनीक, वैज्ञानिक अनुसंधान और स्टार्टअप सहयोग सहित कई क्षेत्रों में समझौतों और व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई है। (इनपुट: आईएएनएस)


