Print

ऑपरेशन सिंधु: इज़रायल से भारतीयों की सुरक्षित वापसी, 24 जून को दिल्ली पहुंचेगा पहला जत्था

ईरान और इजरायल संघर्ष के बीच केंद्र सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। अपने नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत ईरान और इजरायल में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वतन वापसी कराई जा रही है। 

ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक पहले ही सकुशल भारत लौट चुके हैं

जानकारी के अनुसार, ऑपरेशन सिंधु के तहत ईरान से बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक पहले ही सकुशल भारत लौट चुके हैं। वहीं, अब इजरायल में फंसे भारतीयों की वापसी भी शुरू हो चुकी है। इस संबंध में इजरायल स्थित भारतीय दूतावास ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी दी है।

दूतावास ने बताया कि अब तक 604 भारतीय नागरिकों को इजरायल से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जिनकी निकासी जॉर्डन और मिस्र के रास्ते की गई है

दूतावास ने बताया कि अब तक 604 भारतीय नागरिकों को इजरायल से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जिनकी निकासी जॉर्डन और मिस्र के रास्ते की गई है। इन सभी को भारत लाने की प्रक्रिया तेजी से जारी है। ऑपरेशन सिंधु के तहत इजरायल से भारतीयों का पहला जत्था, जिसमें 161 नागरिक शामिल हैं, 24 जून को तड़के 1:19 बजे (भारतीय समयानुसार) दिल्ली पहुंचेगा।

अब तक दो हजार से ज्यादा भारतीय नागरिक ईरान से वापस अपने देश आ चुके हैं

आपको बताते चलें, ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत ईरान से भारतीय नागरिकों का कई जत्था दिल्ली पहुंच चुका है। विशेष विमान के जरिए सोमवार को 290 लोगों की वतन वापसी हुई। अब तक दो हजार से ज्यादा भारतीय नागरिक ईरान से वापस अपने देश आ चुके हैं।

23 जून को शाम 7.15 बजे नई दिल्ली पहुंचे विशेष विमान से 290 भारतीय नागरिकों और 1 श्रीलंकाई नागरिक को मशहद से निकाला गया

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोमवार को इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “23 जून को शाम 7.15 बजे नई दिल्ली पहुंचे विशेष विमान से 290 भारतीय नागरिकों और 1 श्रीलंकाई नागरिक को मशहद से निकाला गया। इसके साथ ही अब तक 2003 भारतीय नागरिकों को ईरान से सुरक्षित वापस लाया जा चुका है।”

ऑपरेशन सिंधु के तहत भारत के निकासी प्रयास जारी हैं

इससे पहले, रविवार को उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, “ऑपरेशन सिंधु के तहत भारत के निकासी प्रयास जारी हैं। राज्य मंत्री पाबित्रा मार्गेरीटा ने 22 जून को 23.30 बजे नई दिल्ली में उतरी मशहद से एक विशेष उड़ान से निकाले गए 285 भारतीय नागरिकों की अगवानी की। इसके साथ ही अब तक 1,713 भारतीय नागरिकों को ईरान से स्वदेश लाया जा चुका है।” (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES