स्पाइसजेट ने आज बुधवार को उत्तर भारत के छह प्रमुख एयरपोर्ट्स के लिए अपनी सभी उड़ानों को 10 मई सुबह 5:29 बजे तक रद्द करने की घोषणा की है। गौरतलब यह फैसला इंडियन आर्म्ड फोर्सेज द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू करने के बाद लिया गया है, जो कि 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किया गया था। स्पाइसजेट ने अपने ट्रैवल एडवाइजरी में बताया कि लेह, श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, कांडला और धर्मशाला एयरपोर्ट्स पर फिलहाल उड़ान संचालन बंद है। कंपनी ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट आने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर चेक कर लें।
स्पाइसजेट ने लिखा, “हमारे प्रिय यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है और हम उनकी समझदारी की सराहना करते हैं। हम स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और कोई भी बदलाव होने पर ग्राहकों को सूचित करेंगे।” इसी तरह, इंडिगो ने भी 11 शहरों में अपनी उड़ान सेवाओं को 10 मई तक रद्द कर दिया है। प्रभावित शहरों में श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, लेह, चंडीगढ़, धर्मशाला, बीकानेर, जोधपुर, ग्वालियर, किशनगढ़ और राजकोट शामिल हैं।
दिल्ली एयरपोर्ट ने भी यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरपोर्ट ने कहा, “एयरस्पेस की स्थिति बदलने के कारण कुछ उड़ानों पर असर पड़ा है। यात्री कृपया अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें और वैकल्पिक यात्रा व्यवस्थाओं की जानकारी लें।” ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत बुधवार सुबह इंडियन आर्म्ड फोर्सेज ने पाकिस्तान और पीओके (पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर) में 9 आतंकी ठिकानों पर precision strikes किए। यह जानकारी विदेश सचिव विक्रम मिस्री, विंग कमांडर व्योमिका सिंह, और कर्नल सोफिया कुरैशी ने साझा की। विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने मीडिया को बताया, “ऑपरेशन सिंदूर का मकसद पहलगाम हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों को न्याय दिलाना था। इस ऑपरेशन में 9 आतंकी ठिकानों को पूरी तरह से तबाह किया गया और इस तरह चुने गए कि किसी नागरिक को कोई नुकसान न हो।”


