बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को बड़ी राहत देते हुए पेंशन भुगतान की प्रक्रिया को नियमित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को घोषणा की कि अब सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में प्रत्येक माह की 10 तारीख को राशि अंतरित की जाएगी।
94 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में भेजी गई राशि
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई दिल्ली स्थित बिहार भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) कार्यक्रम में राज्य के 94 लाख से अधिक सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों के खातों में 1,100 रुपए प्रति माह की दर से लगभग 1,100 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की।
पेंशन राशि 400 रुपए से बढ़ाकर 1,100 रुपए की गई
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पहले सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि 400 रुपए प्रतिमाह थी, जिसे बढ़ाकर 1,100 रुपए कर दिया गया है। राज्य सरकार 60 वर्ष से अधिक आयु के वृद्धजनों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्रदान कर रही है।
हर महीने की 10 तारीख को होगा भुगतान
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा करने के अवसर पर 94 लाख से अधिक लाभार्थियों के खातों में यह राशि भेजी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर पेंशन मिले, इसलिए अब हर महीने की 10 तारीख को भुगतान की व्यवस्था लागू की जा रही है।
पात्र लोगों से आवेदन करने की अपील
उन्होंने उन वरिष्ठ नागरिकों से भी अपील की, जिनकी आयु 60 वर्ष या उससे अधिक है, लेकिन अभी तक उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है, वे शीघ्र आवेदन करें। साथ ही जिन लोगों का आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक नहीं होने के कारण पेंशन भुगतान रुका हुआ है, उन्हें जल्द आधार लिंक कराने की सलाह दी गई।
सामाजिक सुरक्षा को मजबूत बनाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है और सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। (इनपुट: आईएएनएस)


