आज बालाघाट में धान किसानों को मिलेगा 337.12 करोड़ का बोनस, सीएम मोहन यादव करेंगे विकास कार्यों का लोकार्पण

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव आज बालाघाट ज़िले के कटंगी में आयोजित कार्यक्रम में 6.69 लाख धान किसानों को 337.12 करोड़ रुपये का बोनस सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर करेंगे। यह राशि किसानों को राज्य सरकार की किसान कल्याण योजना के तहत दी जा रही है, जिसके अनुसार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान बेचने वाले किसानों को प्रति हेक्टेयर 4,000 रुपये की अतिरिक्त मदद मिलेगी।

कार्यक्रम कृषि उपज मंडी परिसर में होगा, जहां बड़ी संख्या में किसान और युवा शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री 4,315 युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। इसके अलावा वे 244 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 75 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री यादव जबलपुर पहुंचेंगे और शाम 5 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। यह लगातार तीसरा दिन होगा जब वे दिल्ली जाएंगे।

मंगलवार को दिल्ली प्रवास के दौरान सीएम यादव ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात की। बैठक में उन्होंने राज्य की सिंचाई और जल प्रबंधन की प्रगति पर चर्चा की और केंद्र सरकार से जल-संपन्न मध्य प्रदेश बनाने की योजनाओं में सहयोग का आग्रह किया।

इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान से भी कृषि संबंधी मुद्दों पर बात की। साथ ही उन्होंने सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता से मुलाकात कर ओबीसी आरक्षण को 14% से बढ़ाकर 27% करने के प्रस्ताव पर राज्य सरकार की योजना साझा की।

-(इनपुट: आईएएनएस)