Print

पराक्रम दिवस: राष्ट्रपति, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने सुभाष चंद्र बोस को उनकी जयंती पर किया नमन 

आज सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई जा रही है। उनकी जयंती को पराक्रम दिवस के रूप में मनाया जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने सुभाष चंद्र बोस को नमन किया।

 नेताजी का साहसी नेतृत्व भारतीयों को सदैव प्रेरित करता रहेगा 

राष्ट्रपति द्रौपदी  मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जाने वाली नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर, मैं भारत माता के महानतम सपूतों में से एक को अपनी विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारत के स्वतंत्रता संग्राम में सबसे दृढ़ निश्चय और प्रेरक व्यक्तियों में से एक हैं। स्वतंत्रता के लिए उनके आह्वान ने लाखों भारतीयों को स्वतंत्रता संग्राम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया। स्वतंत्रता प्राप्त करने के लिए नेताजी का अथक दृढ़ संकल्प और आज़ाद हिंद फ़ौज का उनका साहसी नेतृत्व भारतीयों की पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।”

स्वतंत्रता संग्राम में रहा है नेता जी का अद्वितीय योगदान

पीएम नरेंद्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “पराक्रम दिवस पर मैं नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में उनका योगदान अद्वितीय है। वे साहस और धैर्य के प्रतीक थे। उनका विजन हमें प्रेरित करता रहता है, क्योंकि हम उनके सपनों का भारत बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।”

पीएम मोदी ने और पोस्ट करते हुए लिखा, “आज सुबह करीब 11:25 बजे मैं पराक्रम दिवस कार्यक्रम में अपना संदेश साझा करूंगा। मैं कामना करता हूं कि यह दिन हमारी आने वाली पीढ़ियों को सुभाष बाबू की तरह चुनौतियों का सामना करने के लिए साहस अपनाने की प्रेरणा दे।”

नेताजी अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और निर्भीकता के प्रतिबिंब थे

केंद्रीय गृह मंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “स्वतंत्रता संग्राम के महानायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर उनका स्मरण कर उन्हें नमन करता हूं और समस्त देशवासियों को ‘पराक्रम दिवस’ की शुभकामनाएं देता हूं। नेताजी सुभाष चंद्र बोस अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प और निर्भीकता के प्रतिबिंब थे। आजाद हिंद फौज का गठन कर सशस्त्र संघर्ष से अंग्रेजी साम्राज्य की नींव हिलाने वाले नेताजी स्वाधीनता सेनानियों के लिए आदर्श बने। उनका जीवन देशभक्ति, बलिदान और प्रेरणा का अमिट प्रतीक बनकर सदैव स्मरणीय रहेगा।”

नेताजी का जीवन राष्ट्र सेवा के लिए करता है प्रेरित 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “‘जय हिंद’ एवं ‘तुम मुझे खून दो मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ जैसे ओजस्वी नारों के माध्यम से देशवासियों में देश प्रेम और क्रांति की लहर का संचार करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष एवं हमारे प्रेरणास्रोत, नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। मातृभूमि के प्रति उनका प्रेम और समर्पण, व सांप्रदायिकता के ख़िलाफ़ उनका कड़ा विरोध, हम सभी को सदा राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करता है।”

नेताजी का नेतृत्व, साहस और समावेशिता के प्रति उनका योगदान सदैव भारतीयोंं को प्रेरित करता रहेगा

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, “महान क्रांतिकारी, आजाद हिंद फौज के संस्थापक नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि। नेताजी का नेतृत्व, साहस, सामाजिक न्याय के लिए उनका संघर्ष, सहिष्णुता और समावेशिता के प्रति उनका योगदान आज भी हर भारतीय को प्रेरित करता है। भारत माता के अमर सपूत को मेरा सादर नमन, जय हिंद!”

बता दें कि हर वर्ष 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती के मौके पर पराक्रम दिवस मनाया जाता है। इस पराक्रम दिवस को मनाए जाने की शुरुआत नेताजी की 125वीं जयंती से हुई थी। 23 जनवरी, 2025 में नेताजी की 128वीं जयंती पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जा रही है। (इनपुट-आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

2 hours ago | 24x7 Uninterrupted Power Supply in India

केंद्र ने 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए राज्यों को ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की दी सलाह

केंद्र सरकार ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मिशन मोड में ऊर्जा भंडारण क्षमता स्थाप...

3 hours ago | 49.6 Crore People Lifted Out of Poverty in India

12 वर्षों में 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर, जानिए कैसे बदली भारत की तस्वीर

भारत में 2011 से 2023 के बीच अनुमानित 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। इस दौरान निम्न-मध्यम आय वाले देशों ...