भारत सरकार के नागरिक भागीदारी मंच MyGov ने देश में “11 वर्षों की परिवर्तनकारी शासन यात्रा” और ‘विकसित भारत’ की दिशा में हुई प्रगति को मनाने के लिए कई रोचक प्रतियोगिताएं और गतिविधियां शुरू की हैं। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य आम नागरिकों को भारत के विकास में सक्रिय रूप से शामिल करना, उपलब्धियों को साझा करना और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। MyGov ने नागरिकों को “विकसित भारत 2025 क्विज” में भाग लेने का आमंत्रण दिया है, जिसमें प्रतिभागी भारत की विकास यात्रा पर आधारित प्रश्नों के उत्तर देकर अपने ज्ञान को परख सकते हैं। इस प्रतियोगिता में 1 लाख की नकद राशि टॉप विजेता को दी जाएगी, दूसरे स्थान पर 75,000 और तीसरे को 50,000 रुपये मिलेगा। इसके अलावा, 100 प्रतिभागियों को 2,000 रुपये और 200 प्रतिभागियों को 1,000 रुपये की सांत्वना राशि दी जाएगी। सभी प्रतिभागियों को एक डिजिटल सर्टिफिकेट भी मिलेगा।
हर घर स्वदेशी – वन नेशन वन स्पिरिट फोटो स्टोरी प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता में नागरिकों से अनुरोध है कि वे अपने रोजमर्रा के जीवन में उपयोग किए जाने वाले किसी ‘मेड इन इंडिया’ उत्पाद की फोटो और उससे जुड़ी 150–200 शब्दों की प्रेरणादायक कहानी साझा करें। 11 विजेताओं को ₹11,000 का नकद इनाम दिया जाएगा।
बदलता भारत मेरा अनुभव- मिनी व्लॉग प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता के तहत प्रतिभागियों को 2014 के बाद अपने इलाके में हुए सकारात्मक बदलाव पर एक 2 मिनट का व्लॉग वीडियो और 100–150 शब्दों का विवरण भेजना होगा। यह बदलाव बुनियादी ढांचे, सार्वजनिक सुविधाओं या डिजिटल सेवाओं में हो सकता है। शीर्ष 11 विजेताओं को ₹11,000 का इनाम मिलेगा।
भारत के बढ़ते कदम-जनभागीदारी फोटो प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता में नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे स्वच्छ भारत, मिशन LiFE जैसे किसी जनभागीदारी अभियान में अपनी भागीदारी की फोटो और 50–100 शब्दों का अनुभव साझा करें। 11 विजेताओं को ₹11,000 की राशि प्रदान की जाएगी।
एक भारत, प्रगतिशील भारत- वीडियो स्टोरीटेलिंग प्रतियोगिता
इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से 1 मिनट का वीडियो बनाने को कहा गया है, जिसमें किसी सरकारी योजना से लाभ पाने वाले व्यक्ति की कहानी हो-जैसे कि उस योजना से उनकी जिंदगी में क्या सुधार आया, कैसे उन्हें सम्मान, सुविधा या आत्मनिर्भरता मिली। यह पहल नीति-निर्माण के पीछे के मानवीय पहलुओं को उजागर करने का प्रयास है।
MyGov के बारे में
MyGov एक नागरिक जुड़ाव मंच है, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 जुलाई 2014 को शुरू किया था। इसका उद्देश्य सरकार और आम नागरिकों के बीच संवाद को बढ़ाना और नीति-निर्माण में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना है। ये प्रतियोगिताएं MyGov की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं जो भारत को आत्मनिर्भर और भागीदारी आधारित राष्ट्र बनाने की दिशा में अग्रसर है।-(PIB)


