एयर इंडिया और पर्यटन मंत्रालय की साझेदारी, ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ को मिलेगा वैश्विक मंच

एयर इंडिया और केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य भारत को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करना, विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ाना और देश को एक प्रमुख एविएशन एवं ट्रांजिट हब के रूप में मजबूत बनाना है। इसके लिए एयर इंडिया के विस्तृत अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और पर्यटन मंत्रालय के ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ अभियान का संयुक्त रूप से उपयोग किया जाएगा।

संयुक्त वैश्विक प्रचार अभियान चलाए जाएंगे

एयर इंडिया की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों पक्ष पर्यटन प्रचार, ट्रैवल ट्रेड एंगेजमेंट, ट्रांजिट टूरिज्म और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे। इसके तहत डिजिटल प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया, इन-फ्लाइट ब्रांडिंग और अन्य उपभोक्ता-केंद्रित माध्यमों के जरिए संयुक्त वैश्विक मार्केटिंग अभियान चलाए जाएंगे।

‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ को मिलेगी नई पहचान

समझौते के तहत एयर इंडिया के विभिन्न ग्राहक संपर्क बिंदुओं (टचपॉइंट्स) पर ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ ब्रांडिंग को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसका उद्देश्य दुनिया भर के यात्रियों तक भारत की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और विविध पर्यटन स्थलों की जानकारी पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक विदेशी पर्यटक भारत आने के लिए प्रेरित हों।

एयर इंडिया के वैश्विक नेटवर्क का मिलेगा लाभ

एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी (सीसीओ) निपुण अग्रवाल ने कहा कि एयर इंडिया अपने नाम के साथ भारत की पहचान लेकर चलती है और दुनिया के सामने देश की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करना उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि एयरलाइन का लगातार विस्तार करता अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क भारत आने वाले पर्यटकों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध करा रहा है और यह साझेदारी दुनिया के सामने एक आधुनिक, आत्मविश्वासी और मेहमाननवाज भारत की तस्वीर पेश करेगी।

40 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंच

कंपनी के अनुसार, एयर इंडिया वर्तमान में पांच महाद्वीपों के 40 अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए उड़ानें संचालित करती है। एयरलाइन के आधुनिक विमान, उन्नत डिजिटल सेवाएं, इन-फ्लाइट अनुभव और वैश्विक उपस्थिति ‘इन्क्रेडिबल इंडिया’ अभियान को दुनिया भर के यात्रियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मदद करेंगे।

पर्यटन और एविएशन दोनों को मिलेगा लाभ

एयर इंडिया का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क उत्तर अमेरिका, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका और एशिया तक फैला हुआ है। इन क्षेत्रों में दुनिया की लगभग 95% आबादी रहती है। ऐसे में इस साझेदारी से भारत के पर्यटन उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ देश को एक महत्वपूर्ण एविएशन और ट्रांजिट हब के रूप में स्थापित करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। (इनपुट: आईएएनएस)

RELATED ARTICLES

55 mins ago | banking sector

सरकार ने आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक पुनर्गठन को दी मंजूरी

आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने आईडीबीआई बैंक लिमिटेड के रणनीतिक पुनर्गठन को म...

1 hour ago | Anita Anand

प्रधानमंत्री मोदी से मिलीं कनाडाई विदेश मंत्री अनीता आनंद, व्यापार-तकनीक समेत कई मुद्दों पर चर्चा

कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरा...